बहालगढ़ रोड पर शुक्रवार रात को एक चालक अपने कैंटर को सड़क के बीच खड़ा कर मोबाइल पर बात करता रहा। इससे रोड पर वाहनों का लंबा जाम लग गया। पुलिस ने चालक से कैंटर हटाने को कहा तो वह बदसलूकी करने लगा। इस पर पुलिस ने कैंटर को सीज करने के साथ ही चालक को गिरफ्तार कर लिया।
सेक्टर-27 थाना की पुलिस को शुक्रवार रात सूचना मिली थी कि बहालगढ़ रोड पर दिल्ली कैंप के सामने वाहनों का लंबा जाम लगा हुआ है। टीम मौके पर पहुंची तो वहां एक चालक कैंटर को सड़क के बीच रोककर मोबाइल पर बात करता मिला। इस पर पुलिस टीम ने चालक को कैंटर हटाने को कहा तो वह बदसलूकी पर उतर आया। उसने पुलिस टीम से ही अभद्रता शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, चालक रोहतास गांव रोहणा का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कैंटर को सीज कर जांच शुरू कर दी है।