हलालपुर में भाई-बहन की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी विक्रम पुलिस टीम के साथ।
- फोटो : Sonipat
गांव हलालपुर की कुश्ती अकादमी में महिला पहलवान व उसके भाई की हत्या के मामले में पुलिस ने अकादमी के रसोइया को गिरफ्तार किया है। उस पर वारदात के बाद सुबूत मिटाने के लिए अकादमी में लगी सीसीटीवी की डीवीआर उखाड़कर ले जाने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपी उत्तराखंड के जिला पिथौरागढ़ के गांव लेलू का रहने वाला विक्रम उर्फ विक्की है। पुलिस ने उसे एक दिन के रिमांड पर लिया है। वहीं आरोपी अमित की रिमांड अवधि पूरी होने पर उसे जेल भेज दिया गया।
गांव हलालपुर की सुशील कुश्ती अकादमी में 10 नवंबर को गांव की पहलवान निशा दहिया व उसके भाई सूरज की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनकी मां धनपति को गोली मारकर घायल किया गया था। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी अकादमी कोच पवन, उसकी पत्नी सुजाता व पवन के साले अमित और सचिन को गिरफ्तार किया था। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वारदात में अकादमी में लगे सीसीटीवी की डीवीआर अहम सुबूत बन सकती थी, जिसे उनका रसोइया विक्रम उखाड़कर ले गया था। इस पर पुलिस ने विक्रम उर्फ विक्की को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया। उससे सीसीटीवी की डीवीआर को बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं सोमवार को पुलिस ने आरोपी अमित को रिमांड अवधि पूरी होने पर न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। आरोपी सुजाता को पुलिस पहले ही न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। मुख्य आरोपी पवन व सचिन का रिमांड मंगलवार को पूरा होगा। पुलिस उनका रिमांड बढ़वाने का प्रयास कर सकती है।
वारदात में प्रयुक्त आई-20 कार झज्जर से बरामद
पुलिस ने इस दौरान आरोपियों से पूछताछ करते हुए वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार होने में प्रयुक्त आई-20 कार को झज्जर के गांव रनखंडा से बरामद कर लिया है। कार को मुख्य आरोपी पवन की बहन की ससुराल रनखंडा से बरामद किया गया है। पुलिस पता लगा रही है कि कार किसकी है और उसका रजिस्ट्रेशन किसके नाम दर्ज है, जबकि इससे पहले पुलिस एक बाइक को बरामद कर चुकी है।
वर्जन
मामले में एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उस पर आरोप है कि वह सीसीटीवी की डीवीआर उखाड़कर ले गया था। उसे एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
- इंस्पेक्टर कर्मजीत सिंह, थाना प्रभारी, खरखौदा