गांव रुखी के पास रोहतक-पानीपत हाईवे पर कार चालक ने दूसरी कार में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे कार पलटकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में कार सवार व्यक्ति की मौत हो गई। भैंसवान खुर्द पुलिस चौकी ने मृतक के दोस्त के बयान पर आरोपी कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रोहतक के गांव घिलौड़ निवासी कुलदीप ने बरोदा थाना पुलिस को बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। कई सालों से उसकी दोस्ती गांव लाठ निवासी अजयपाल (40) से थी। वह एक-दूसरे की मदद करते रहते थे। कुलदीप के अनुसार 4 जनवरी को वह और उसका दोस्त अजयपाल गांव रुखी निवासी संदीप के पास गए थे। वहां से काम करने के बाद वह दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वापस अजयपाल की कार में बैठकर रोहतक-पानीपत हाईवे के पास पहुंचे।
कुलदीप ने बताया कि वहां गाड़ी से उतरकर वह एक अन्य साथी का इंतजार करने लगा। अजयपाल ने अपनी कार हाईवे पर एक तरफ खड़ी कर दी। इसी दौरान पानीपत की तरफ से आई कार ने पीछे से कार को टक्कर मार दी। कार अनियंत्रित होकर कई बार पलटकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे के बाद आरोपी चालक अपनी कार को लेकर मौके से भाग गया। वह अजयपाल को इलाज के लिए रोहतक पीजीआई लेकर गया, वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।