पुलिस की गिरफ्त में रंगदारी मांगने का आरोपी और जानकारी देतीं एएसपी निकिता खट्टर। संवाद
- फोटो : Sonipat
व्यापारी को जान से मारने की धमकी देकर उससे चार लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोपी को शहर थाना पुलिस व साइबर टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने रुपयों की जरूरत होने पर व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर व्यापारी से रंगदारी मांगी थी। आरोपी सचिन उर्फ सोनू गांव मदीना का रहने वाला है।
व्यापारी अमित गोयल ने शहर में स्पेयर पार्ट्स एवं जनरेटर की दुकान कर रखी है। उसके पास 27 फरवरी को एक नंबर से सोशल मीडिया पर संदेश आया, जिसमें उससे चार लाख रुपये देने की मांग की। आरोप है कि रुपये न देने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इसको लेकर उसने शहर थाना पुलिस को शिकायत दी थी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। शहर थाना पुलिस ने आरोपी पर मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी थी। अब इस मामले में पुलिस व साइबर टीम ने आरोपी सचिन उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया है।
एएसपी निकिता खट्टर ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में पता चला कि उसे रुपयों की जरूरत थी। इसे पूरा करने के लिए ही उसने व्यापारी से रंगदारी मांगी थी। इससे पहले आरोपी अमित गोयल की दुकान पर एक पुराना जनरेटर बेचने के लिए आया था। इसके बाद ही उसने व्यापारी का काम देखकर उससे रंगदारी मांगने की योजना बनाई। पुलिस ने उसे गांव से ही गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी को वीरवार को न्यायालय में पेश करके रिमांड पर लेगी।