गन्नौर। मार्केट कमेटी, गन्नौर ने सब्जी और नई अनाज मंडी में सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए एजेंसी को टेंडर अलाॅट कर दिया है। सफाई व्यवस्था पर प्रत्येक माह 1.20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
एजेंसी को रोजाना तय सूची के अनुसार मंडी परिसर व मुख्य सड़कों की सफाई करनी होगी। पीक सीजन में हर दो घंटे में अधिकारी निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लेंगे ताकि कोई कमी न रहे। फिलहाल नई अनाज मंडी व सब्जी मंडी में सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है।
टेंडर के नियम अनुसार एजेंसी को कचरा उठाकर नगर पालिका के तय डंपिंग साइट तक ले जाना होगा। मृत पशुओं को हटाने, शौचालयों की नियमित सफाई, जल निकासी व्यवस्था, बिजली फिटिंग का रखरखाव भी जिम्मेदारी में शामिल है।
सफाई कर्मचारियों को वर्दी व पहचान पत्र पहनना अनिवार्य रहेगा। ऐसा नहीं करने पर जुर्माने का प्रावधान होगा। साथ ही सभी उपकरण व सफाई सामग्री एजेंसी को खुद जुटानी होगी। सफाई या स्वच्छता संबंधी शिकायत का निवारण 2 से 6 घंटे के भीतर करना होगा।
कार्य में लापरवाही मिलने पर रोजाना कम से कम 5 हजार रुपये जुर्माना लगेगा। लगातार एक सप्ताह तक सुधार न होने पर अनुबंध रद्द कर एजेंसी को ब्लैकलिस्ट किया जा सकता है।
अनाज मंडी में आने वाले किसानों, आढ़तियों व व्यापारियों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा। एजेंसी ने काम शुरू कर दिया है। विभाग की ओर से सफाई कार्य की निगरानी रखी जाएगी। कमी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
जगबीर, सचिव, मार्केट कमेटी, गन्नौर