सोनीपत। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की बोर्ड परीक्षाएं वीरवार से शुरू हो गई। 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने पेंटिंग तो 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने एंटरप्रेन्योरशिप विषय का पेपर दिया। सीबीएसई की तरफ से सभी विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र पर एक घंटा पहले पहुंचने के निर्देश दिए थे। हालांकि पहले दिन वैकल्पिक विषय का पेपर होने के चलते परीक्षा केंद्रों पर बेहतर कम विद्यार्थी ही नजर आए। अधिकारियों का कहना है कि सभी परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा हुई।
बोर्ड परीक्षा को लेकर सीबीएसई की तरफ से सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थी। बोर्ड परीक्षा को लेकर इस बार परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 27 की गई है। अधिकारियों का कहना है कि बोर्ड कक्षाओं में विद्यार्थियों की बढ़ी संख्या को देखते हुए ही परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ाई गई है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर करीब 500 विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। सीबीएसई जिला कोर्डिनेटर का कहना है कि मुख्य विषय की परीक्षा के दौरान ही परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों की संख्या बढ़ेगी।
15 मिनट पहले दिया प्रश्नपत्र
सीबीएसई की गाइडलाइन के अनुसार परीक्षार्थी सुबह 9.30 बजे तक परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए थे। 10:30 बजे से शुरू होने से 15 मिनट पहले ही विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र दे दिया गया था, ताकि विद्यार्थी प्रश्नपत्र को बेहतर तरीके से पढ़ व समझ सकें। पेपर दोपहर 1:30 बजे खत्म हुआ।
सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। पहले दिन वैकल्पिक विषयों की परीक्षा होने के चलते परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों की संख्या कम रही। सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा संपन्न हुई।
वीके मित्तल, प्राचार्य, डीएवी मल्टीपरपज स्कूल, सेक्टर-15, सोनीपत