फोटो 11- सोनीपत के मॉडल टाउन स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय। संवाद
सोनीपत। शिक्षा विभाग की ओर से राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालयों व महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को जल्द प्रशासनिक ताने-बाने से अवगत कराया जाएगा। प्रशासन से परिचय कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों का प्रशासनिक अधिकारी सेवा संबंधी ज्ञान बढ़ाया जाएगा। विभाग ने योजना के तहत अगले सप्ताह से विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण शुरू करवाने का लक्ष्य रखा है।
जिलाभर में विभाग की ओर से 14 राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है। इन विद्यालयों के साथ जल्द विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को भी शैक्षिक भ्रमण करवाकर प्रशासनिक कार्यों की गतिविधियों अवगत कराया जाएगा।
भ्रमण के तहत विद्यार्थियों को लघु सचिवालय, प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालयों सहित अन्य कार्यस्थलों का दौरा करवाया जाएगा। इनमें सरल केंद्र से लेकर उपायुक्त, अतिरिक्त उपायुक्त, एसडीएम कार्यालय, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, डीसीपी कार्यालय की कार्यशैली शामिल रहेगी।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थी अधिकारियों से उनकी कार्यशैली, अनुभव व योजनाओं संबंधी रुपरेखा पर ज्ञान अर्जित करेंगे। प्रशासन से परिचय कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों का भविष्य के लिए प्रशासनिक सेवाओं जैसे पदाें पर आसीन होकर कार्यशैली, प्रशासनिक तंत्र की कार्यप्रणाली के तरीकों से अवगत कराना है। इससे विद्यार्थियों की एकाग्रता को बढ़ावा मिलेगा।
फिर अन्य छात्रों से साझा करेंगे ज्ञान
विभिन्न विद्यालयों व महाविद्यालयों के भ्रमण करने वाले छात्र प्रशासनिक ज्ञान अर्जित करने के बाद अपने-अपने शिक्षण संस्थानों में अन्य छात्रों के साथ जानकारी साझा करेंगे। इससे दूसरे छात्रों को भी प्रशासनिक कार्यप्रणाली को जानने का मौका मिलेगा। वह उच्च शिक्षा ग्रहण कर प्रशासनिक सेवाओं में अपनी भविष्य को उज्ज्वल बना सकेंगे।