सोनीपत। गृहकर जमा न कराने वाले बकायेदारों पर शिकंजा करने की तैयारी शुरू हो चुकी है। नगर निगम की ओर से 300 प्रॉपर्टी मालिकों को सीलिंग के नोटिस जारी कर दिया गया है। बकायेदारों से करीब 20 करोड़ रुपये गृहकर वसूल किया जाना है।
शहरी स्थानीय निकाय विभाग की ओर से 2010-11 से 31 मार्च 2023 तक के बकाया गृहकर के ब्याज पर 100 फीसदी छूट दी जा रही है। इसके लिए प्रॉपर्टी मालिकों को 29 फरवरी तक बकाया गृहकर जमा करना होगा। नगर निगम कार्यालय में अब तक 14 करोड़ रुपये गृहकर जमा हो पाया है जबकि नगर निगम ने चालू वित्त वर्ष में 30 करोड़ रुपये वसूल करने का लक्ष्य निर्धारित किया था। इसके बावजूद प्रॉपर्टी मालिकों ने गृहकर जमा कराने में रुचि नहीं दिखाई। नगर निगम कार्यालय में दिनभर कर्मचारी प्रॉपर्टी मालिकों के आने का इंतजार करते रहते हैं। अब नगर निगम अधिकारियों के सामने 31 मार्च तक लक्ष्य को पूरा करने की चुनौती है।
एक माह से दिए जा रहे डिफाल्टरों को नोटिस
नगर निगम की ओर से बकाया गृहकर जमा न कराने वाले डिफाल्टरों पर शिकंजा कसने के लिए एक माह से नोटिस जारी किए जा रहे हैं। पहले चरण में 300 डिफाल्टर प्रॉपर्टी मालिकों को सीलिंग के नोटिस जारी किए हैं। इन पर करीब 20 करोड़ रुपये गृहकर बकाया है। साथ ही उन्हें चेतावनी दी थी कि अगर जल्द गृहकर जमा नहीं कराया तो दोबारा नोटिस जारी करके उनकी प्रॉपर्टी सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
डिफाल्टरों के कारण लक्ष्य तक नहीं पहुंच पा रहा निगम
गृहकर भरने को लेकर उदासीनता नगर निगम पर भारी पड़ रही है। हर साल छूट दिए जाने के बावजूद डिफाल्टर निगम के करोड़ों रुपये पर कुंडली मारे बैठे है। इसके चलते नगर निगम हर साल गृहकर वसूलने में पिछड़ता जा रहा है। निगम अधिकारियों ने चेताया कि अगर जल्द ही गृहकर जमा नहीं हुआ तो डिफाल्टरों की सूची सार्वजनिक की जाएगी। करोड़ों रुपये गृहकर जमा न होने के कारण नगर निगम का बजट भी गड़बड़ा रहा है, जिससे विकास कार्य भी अटक रहे हैं।
वर्जन
गृहकर की समय पर अदायगी न करने पर डिफाल्टरों के भवनों को सील करने के साथ सजा का भी प्रावधान है। कार्रवाई से पहले मौका दिया गया, लेकिन बकायेदारों ने गृहकर जमा नहीं कराया तो सीलिंग के नोटिस जारी किए गए। अब उनसे गृहकर वसूल करने के लिए कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।- राजेंद्र चुघ, क्षेत्रीय कर अधिकारी, नगर निगम