नेशनल हाईवे-44 पर कुमासपुर स्थित ताऊ देवीलाल पार्क के सामने लघुशंका के लिए रुके प्रिंटिंग प्रेस के मैकेनिक पर हमला कर तीन बदमाश उनकी कार, 18 हजार रुपये व मोबाइल लूट ले गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायल मैकेनिक को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया है। मुरथल थाना पुलिस ने घायल के बयान पर तीन बदमाशों के खिलाफ लूटपाट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नई दिल्ली के गांव दीनपुर निवासी जयपाल सिंह ने मुरथल थाना पुलिस को बताया कि वह प्रिंटिंग प्रेस की मशीनों का मैकेनिक है। वह शुक्रवार सुबह पांच बजे दिल्ली से करनाल जा रहा था। वह छह बजे कार से देवीलाल पार्क के सामने पहुंचा तो यहां उसने लघुशंका के लिए कार रोक दी। जब वह लघुशंका कर वापस कार के पास आया तो तीन युवकों ने उस पर हमला कर दिया। उसके सिर पर लोहे के पाइप से हमला कर दिया। तीनों युवकों ने उससे कार की चाबी छीन ली और जेब से पर्स निकाल लिया। उसके पर्स में 18 हजार रुपये थे। कार में उसका मोबाइल भी था। तीनों बदमाश वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। उसने राहगीरों की मदद से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने उसे अस्पताल में उपचार दिलवाया। पुलिस ने जयपाल के बयान पर लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नकाब पहने हुए थे बदमाश
पीड़ित जयपाल ने बताया कि आरोपियों ने चेहरे पर नकाब पहना हुआ था, जिससे उनके चेहरे दिखाई नहीं दिखाई दिए। वह उसे बार-बार जान से मारने की धमकी दे रहे थे।