एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार इनामी आरोपी टीम के साथ। संवाद
- फोटो : Sonipat
एसटीएफ ने पांच हजार के इनामी अंतरराज्यीय चोर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी गांव रिंढाणा का रहने वाला हरीश उर्फ चिल्ला है। आरोपी को एसटीएफ ने बरोदा थाना पुलिस को सौंप दिया है। बरोदा पुलिस उसे रिमांड पर लेगी। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने नशे के लिए पैसे जुटाने के लिए चोरी की वारदात करना स्वीकार किया है।
एसटीएफ सोनीपत प्रभारी सतीश देशवाल ने बताया कि 6 जनवरी को गांव रिंढाणा निवासी अमरदीप सिंह ने बरोदा थाना पुलिस को बताया था कि उसने गांव में ही परचून की दुकान खोल रखी है। 5 जनवरी की रात को वह दुकान बंद कर खाना खाने के लिए घर पर गया था। कुछ देर बाद आया तो ताला टूटा मिला। उसने बाइक दुकान के आगे रोकी तो गांव का हरीश दुकान से निकलकर भाग गया। दुकान से हरीश व अन्य ने 60 हजार रुपये, घी के दो टीन, 35 पैकेट बीडी, सरसों के तेल की 12 बोतल, 30 पैकेट सिगरेट चोरी कर ली थी। आरोपी तब से फरार था। एसपी ने हरीश उर्फ चिल्ला की गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। एसटीएफ ने उसको शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
रोहतक और हिसार में भी कर चुका वारदात
सतीश देशवाल ने बताया कि हरीश ने 25 सितंबर, 2015 को रोहतक की शिवाजी कॉलोनी और 10 अप्रैल 2019 को अपने साथियों के साथ मिलकर हिसार जिले के थाना नारनौंद क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी ने शुरुआती पूछताछ में बताया है कि वह नशे का आदी है। नशा खरीदने के लिए चोरी करने लगा था।