विशेष लोक अदालत से पूर्व सुलह बैठकों का किया जाएगा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव प्रचेता सिंह ने बताया कि विशेष लोक अदालत का आयोजन 21, 22 व 23 अगस्त को किया जाना प्रस्तावित है। इसका उद्देश्य लंबित मामलों का आपसी सहमति एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से निस्तारण करना है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत जिले में प्री-लोक अदालत बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रशिक्षित मध्यस्थों, परामर्शदाताओं एवं पैनल अधिवक्ताओं की ओर से पक्षकारों के बीच समझौता कराने के प्रयास किए जाएंगे। यह प्रक्रिया वर्चुअल, हाइब्रिड माध्यम से भी संचालित की जाएगी।
इस समाधान समारोह में विशेष रूप से चेक बाउंस (एनआई एक्ट) से संबंधित मामले, बैंक, वित्तीय वसूली के मामले, मोटर दुर्घटना दावा, पारिवारिक विवाद एवं वैवाहिक मामले, श्रम एवं सेवा संबंधी विवाद व अन्य सुलह योग्य दीवानी एवं आपराधिक मामले शामिल रहेंगे।