संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। जिले में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। हरियाणा रोडवेज मई में 10 नई इलेक्ट्रिक बसों को बेड़े में शामिल करने की तैयारी में है। बढ़ते प्रदूषण और यातायात दबाव को देखते हुए हरियाणा रोडवेज जिले में ई-बसों की संख्या बढ़ाने जा रहा है।
जिले में अभी जनवरी 2025 से पांच इलेक्ट्रिक बसें चलाई जा रही हैं। ये बसें सोनीपत बस अड्डे से कुंडली बॉर्डर तक चलाई जाती हैं। इन बसों को 26 जनवरी से शुरू किया गया था। अब विभाग एक माह में 10 और नई ई-बसों को शामिल करने की तैयारी में है।
इन बसोें के शामिल होने से न केवल बसों के फेरों में बढ़ोतरी होगी बल्कि यात्रियों को अधिक रूट विकल्प भी मिलेंगे। अधिकारियों के अनुसार नई बसों के शामिल होने के बाद शहर के अन्य रूटों के साथ-साथ दिल्ली रूट पर भी इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी।
प्रदूषणमुक्त और वातानुकूलित होंगी बसें
परिवहन विभाग का मानना है कि इलेक्ट्रिक बसें डीजल बसों के मुकाबले पूरी तरह प्रदूषण मुक्त होती हैं। इनसे ध्वनि प्रदूषण भी कम होता है। साथ ही इनका संचालन खर्च कम होने से परिवहन व्यवस्था अधिक किफायती बनती है। बस वातानुकूलित होने से गर्मी में लोगों के लिए काफी आरामदायक होती हैं। इससे निजी वाहनों पर निर्भरता घटेगी और शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
नवंबर, 2025 में मिला था 10 बसों का आश्वासन
नवंबर, 2025 में चंडीगढ़ में परिवहन विभाग के एसीएस के साथ हुई बैठक में सोनीपत को 10 ई-बसों को देने का आश्वासन मिला था। अब इन बसों को एक माह में मिलने की संभावना जताई जा रही है।
वर्जन
रोडवेज बेड़े में 10 नई ई-बसों के शामिल होने से जिले की परिवहन व्यवस्था और मजबूत होगी। इससे विभिन्न रूटों पर बेहतर परिवहन सेवा दी जा सकेगी। -संजय कुमार, महाप्रबंधक, हरियाणा रोडवेज, सोनीपत