हरियाणा के सोनीपत के राई क्षेत्र के राजीव गांधी एजुकेशन सिटी स्थित डॉ. बीआर आंबेडकर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में हॉस्टल की 7वीं मंजिल से गिरकर संदिग्ध हालात में एलएलबी तृतीय वर्ष के छात्र की मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले में निवारक कार्रवाई की है।
मध्य प्रदेश के जिला शिवपुरी के गांव मंगल का रहने वाला सम्यक जैन (22) गांव राई स्थित राजीव गांधी एजुकेशन सिटी में डॉ. बीआर आंबेडकर राष्ट्रीय विधि विवि में एलएलबी तृतीय वर्ष के छात्र थे। वह हॉस्टल में सातवीं मंजिल पर बने कमरे में अकेले रहते थे। रात करीब 12 बजे हॉस्टल वह ग्राउंड फ्लोर पर गिरे मिले।
विवि में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें पड़ा देखकर अधिकारियों को अवगत कराया और उन्हें बहालगढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना उनके परिजनों को दी गई। सूचना के बाद उनके परिजन अस्पताल में पहुंचे और पिता संजय जैन के बयान दर्ज कर पुलिस ने निवारक कार्रवाई की।
पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। हॉस्टल की बालकनी में छात्र की चप्पल के निशान मिले हैं। बताया जा रहा है कि वह रात साढ़े 11 बजे तक ऑनलाइन रहकर पढ़ाई कर रहे थे। उनके पिता शिवपुरी में व्यापार करते हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विश्वविद्यालय के हॉस्टल में सातवीं मंजिल से गिरकर छात्र की मौत हुई है। हादसे के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों के बयान दर्ज करा लिए गए हैं।
-मुकेश कुमार, एसीपी सोनीपत