दंगल गर्ल्स के नाम से पहचान बनाने वाली फौगाट बहनें गीता और बबीता के साथ ही ओलंपिक मेडलिस्ट साक्षी मलिक एशियन चैंपियनशिप में नहीं खेलेंगी। वहीं, ओलंपिक के दो बार पदक विजेता सुशील कुमार और योगेश्वर दत्त भी एशियन चैंपियनशिप में देश की ओर से इस बार खेलते हुए दिखाई नहीं देंगे। सोनीपत साई सेंटर में एशियन चैंपियनशिप के लिए हुए ट्रायल में कोई स्टार खिलाड़ी नहीं पहुंचा, जबकि लखनऊ में शुक्रवार को होने वाले महिला पहलवानों के ट्रायल से गीता और बबीता के साथ ही साक्षी ने भी किनारा कर लिया है। इस तरह दिल्ली में मई में होने वाली एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में कोई भी ओलंपिक मेडलिस्ट पहलवान खेलता हुआ दिखाई नहीं देगा।
शादी के कारण जताई असमर्थता
फौगाट बहनों ने कुछ समय पहले तक एशियन चैंपियनशिप में खेलने की बात कह रही थी, लेकिन ट्रायल से ठीक पहले दोनों ने एशियन चैंपियनशिप में नहीं खेलने का फैसला लिया है। इसलिए वे दोनों ट्रायल में हिस्सा नहीं लेंगी। इनके अलावा रियो ओलंपिक में देश के लिए मेडल जीतने वाली अकेली महिला पहलवान साक्षी मलिक भी एशियन चैंपियनशिप में नहीं खेलेंगी। इसका एक बड़ा कारण भी माना जा रहा है कि अप्रैल के शुरुआत में साक्षी मलिक की शादी है और उसने कुश्ती संघ को शादी के कारण इस चैंपियनशिप में खेलने में असमर्थता जताई है। देश के लिए सबसे बड़ा झटका देने वाली बात यह है कि ओलंपिक के दोनों पुरुष मेडलिस्ट पहलवानों सुशील कुमार और योगेश्वर भी एशियन चैंपियनशिप में नहीं खेलेंगे। इससे चैंपियनशिप में देश की चुनौती थोड़ी कमजोर पड़ सकती है, क्योंकि यह दोनों ही पहलवान काफी अनुभवी हैं और तकनीक के साथ अपने अनुभव के दम पर भी यह देश को ओलंपिक में मेडल दिला चुके हैं। इससे माना जा रहा है कि सुशील कुमार डब्ल्यूडब्ल्यूई में जाने की पूरी तैयारी कर चुके हैं। वहीं, योगेश्वर दत्त की कुछ समय पहले शादी होने के कारण व्यस्त चल रहे हैं और वह पुरानी चोटों से शायद अभी उबर नहीं सके हैं।
विनेश फौगाट लेंगी ट्रायल में हिस्सा
एशियन चैंपियनशिप के लिए पहलवानों का ट्रायल हुआ है, जिसमें सुशील कुमार व योगेश्वर दत्त ने हिस्सा नहीं लिया है। इसलिए वह एशियन चैंपियनशिप से दूर रहेंगे। वहीं, महिला पहलवानों के होने वाले ट्रायल में गीता, बबीता, साक्षी भी हिस्सा नहीं लेंगी और वे भी एशियन चैंपियनशिप में नहीं खेलेंगी। विनेश फौगाट जरूर एशियन चैंपियनशिप के लिए तैयार हैं। वह ट्रायल में हिस्सा लेंगी, जिसके बाद ही तय होगा कि वह उसमें खेल सकेंगी या नहीं।
-आरके हुड्डा, उपाध्यक्ष भारतीय कुश्ती संघ