सोनीपत को मिला मिनिस्ट्रियल स्टार अवॉर्ड
- फोटो : अमर उजाला
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में वीरवार को स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 के तहत सोनीपत नगर निगम को मिनिस्ट्रियल स्टार अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। सोनीपत को मध्यम श्रेणी के शहरों में स्वच्छता के मामले में हरियाणा में दूसरी व देश में 38वीं रैंकिंग मिलने पर यह अवॉर्ड केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने दिया है। इस पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मेयर राजीव जैन ने कहा कि यह पुरस्कार सोनीपत की जागरूक जनता, कर्मठ सफाई कर्मचारियों और नगर निगम की समर्पित टीम के निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
स्वच्छता रैंकिंग में प्रदेश में मिला दूसरा स्थान
केंद्र सरकार की ओर से गुरुवार को जारी स्वच्छता रैंकिंग में सोनीपत को देश में 38वां स्थान मिला है। साथ ही प्रदेश में सोनीपत ने दूसरा स्थान हासिल किया है। पिछली बार राज्य में सोनीपत नगर निगम ने 21वां रैंक और देश में 260वां स्थान हासिल किया था। स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 के तहत कूड़ा मुक्त शहर में एक स्टार रेटिंग मिली थी। इस बार कूड़ा मुक्त शहरों की सूची में सोनीपत को पहली बार तीन स्टार रेटिंग मिली है।
पिछले साल एक लाख की जनसंख्या वाले गोहाना को राज्य में पहला स्थान हासिल करने पर स्वच्छ सिटी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। इस बार गोहाना को राज्य में छठा स्थान और देश में 123वां स्वच्छता रैंक मिला है। कार्यक्रम में अवॉर्ड लेने के दौरान शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विकास गुप्ता, निदेशक पंकज कुमार, नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार, संयुक्त आयुक्त मीतू धनखड़, संयुक्त निदेशक कंवर सिंह व मुख्य सफाई निरीक्षक साहब सिंह, सतेंद्र दहिया भी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें: CET Exam: सीईटी अभ्यर्थियों की रोडवेज बसों में होगी निशुल्क यात्रा, शिक्षा मंत्री ने दी जानकारी