रघुवीरपुरा में वीरवार देर रात से बिजली न आने से परेशान स्थानीय निवासियों ने गोहाना-जींद रोड जाम कर दिया। कॉलोनी के लोगों का आरोप है कि बिजली निगम के अधिकारियों से बार-बार गुहार लगाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
जींद रोड जाम कर रहे रघुवीरपुरा के लोगों ने कहा कि वीरवार देर रात करीब 9 बजे कॉलोनी की बिजली गुल हो गई थी। कुछ देर बाद बिजली निगम के कर्मचारियों को अवगत कराया गया। इस पर कर्मचारियों ने कहा कि शहर के चार ट्रांसफार्मर खराब हैं, उन्हें ठीक करने के बाद उनकी बिजली ठीक की जाएगी। हालांकि कई घंटों बाद भी आपूर्ति सामान्य नहीं हुई। इस पर फिर कर्मचारियों से अपील की, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिला। बिजली कर्मचारियों को बार-बार अवगत कराने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। बाद में कर्मचारियों के कोई सुध नहीं लेने से नाराज होकर कॉलोनीवासियों ने जींद रोड के बीचोंबीच होर्डिंग बोर्ड खड़े कर जाम लगा दिया। उन्होंने लगभग 30 मिनट तक रोड जाम रखा। इस दौरान जींद रोड पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। इससे वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी।
नायाब तहसीलदार के आश्वासन पर खोला जाम
जाम की सूचना पर थाना शहर पुलिस और नायाब तहसीलदार मोहनलाल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को काफी देर तक जाम खुलवाने की अपील की, लेकिन वें बिजली आपूर्ति चालू करने पर डटे रहे। इसके बाद नायाब तहसीलदार निगम के अधिकारियों से फोन पर संपर्क किया। निगम के अधिकारियों से बातचीत करने के बाद नायाब तहसीलदार ने कॉलोनीवासियों को जल्द बिजली आपूर्ति करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद उन्होंने जाम खोला।
खरखौदा में वीरवार रात लोगों को जागकर काटनी पड़ी रात
खरखौदा में लगने वाले बिजली के अघोषित कट से जहां लोग परेशान हैं वहीं कम वोल्टेज से भी लोगों की रातों की नींद खराब हो रही है। वीरवार रात को यह स्थिति रहने से लोगों को जागकर रात काटनी पड़ी है। जिसके चलते शहर के उपभोक्ताओं में निगम के प्रति गहरा रोष है। सत्यनारायण, अशोक कौशिक, कर्ण रोहिल्ला, कमल शर्मा, तरुण रोहिल्ला, दीपक, कुश आदि का कहना है कि बिजली निगम की ओर से लगातार उपभोक्ताओं को परेशान किया जा रहा है। कम वोल्टेज से शहरवासियों को परेशानी हो रही है। वीरवार की रात को भी कम वोल्टेज आने से लोग परेशान रहे। बिजली उपभोक्ताओं का कहना है कि दिन के समय लगने वाले बिजली के कटों को तो जैसे-तैसे सहन कर लिया जाता है, लेकिन रात में लगने वाले कट और कम वोल्टेज नींद खराब कर देते हैं। लोगों ने बिजली निगम से उचित कदम उठाने की सिफारिश की है।