संविधान संग्रहालय का उद्घाटन करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि ओपी जिंदल ग्लोबल विश्वविद्यालय में देश का पहला संविधान संग्रहालय बनाया गया है। इसके लिए यह बधाई के पात्र हैं। आज हमारा संविधान पूरे विश्व का मार्ग दर्शक है। 26 नवंबर को देश के सभी शिक्षण संस्थानों में संविधान दत्तक ग्रहण दिवस पर याद किया जाए। आज पूरे विश्व भर के देशों में हमारी तरह लोकतांत्रिक प्रक्रिया को अपनाया जा रहा है।
हमारी तो विरासत ही लोकतंत्र की है। देश में विभिन्नताओं को जोड़ने का काम संविधान ने किया है। हमने पूरे देश को वसुदेव कुटुंबकम का संदेश दिया। महात्मा गांधी के विचारों को पूरी दुनिया में माना जा रहा है। विश्व भर के देशों में महात्मा गांधी की मूर्ति लगी हुई हैं। जब बाबा साहेब डॉ.भीमराव आंबेडकर ने संविधान बनाया तो उस समय की आवश्यकता समानता, आजादी और बंधुता थी। समाज को एकजुट रखने में हमारे संविधान ने अहम भूमिका निभाई है। हम सभी नए भारत के निर्माण, विकसित भारत के निर्माण कार्य में भाग लेंगे।
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि संविधान समानता और आजादी को बढ़ावा देकर भेदभाव को दूर करना सिखाता है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने इन तीनों बिंदुओं का ध्यान रखकर संविधान को बनाया। भाजपा सरकार ने अनुच्छेद 370 को हटाने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में किया। बाबा साहेब भी अनुच्छेद 370 को पसंद नहीं करते थे।