हवन में आहुति डालते सोनम के माता-पिता व भाजपा जिलाध्यक्ष तीर्थ राणा।
- फोटो : Sonipat
गोहाना (सोनीपत)। अंतरराष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी सोनम मलिक के टोक्यो ओलंपिक में जीत की कामना के साथ उनके पैतृक गांव मदीना स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस खेल अकादमी में हवन कराया गया। हवन में सोनम के पिता राजेंद्र मलिक, मां मीना मलिक व भाजपा के जिलाध्यक्ष तीर्थ राणा विशेष तौर पर पहुंचे। उन्होंने अकादमी के कोच व खिलाड़ियों के साथ मिलकर हवन में आहुति डाली और सोनम मलिक की जीत के लिए प्रार्थना की। सोनम मंगलवार को टोक्यो ओलंपिक के मैदान में उतरेंगी।
सोनम मलिक ने बचपन से ही इसी अकादमी में अभ्यास करना शुरू किया था। अब भी वह समय होने पर यहां अभ्यास करने आती रहती हैं। टोक्यो ओलंपिक में जाने से पहले भी सोनम मलिक यहां कोच अजमेर मलिक व साथी खिलाड़ियों से मिलने आई थीं। इसमें सोनम की बेहतर जीत को लेकर ही अकादमी परिसर में हवन का आयोजन कराया गया। सोनम के पिता राजेंद्र मलिक, कोच अजमेर मलिक व भाजपा के जिलाध्यक्ष तीर्थ सिंह राणा ने कहा कि सोनम मेहनत करके ओलंपिक तक पहुंची हैं। हर किसी पूरी उम्मीद है कि सोनम देश के लिए पदक जीतकर लाएंगी। मंगलवार को उसका मैच शुरू होने से पहले भी गांव में हवन कराया जाएगा। इसके बाद ग्रामीण एक साथ बैठकर उनका मैच देखेंगे।