खरखौदा। क्षेत्र के खेतों में लगे सोलर पैनल लगातार चोरों के निशाने पर हैं। गांव फिरोजपुर बांगर के खेतों से चोर सोलर पैनल के तार व कनेक्टर चोरी कर ले गए। खरखौदा थाना पुलिस ने किसान मनोज की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
फिरोजपुर बांगर निवासी मनोज ने बताया कि उन्होंने खेत में सोलर पैनल लगा रखा है। शनिवार को वह खेत में पहुंचे तो वहां से सोलर पैनल का कनेक्टर व 60 मीटर बिजली के तार चोरी मिले। पड़ोसी पारस के खेत से भी चोर 20 मीटर तार व कनेक्टर चोरी कर ले गए, सैदपुर चौकी पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज किया है।
सवा माह में पांच मुकदमे दर्ज
खरखौदा में सवा माह में 20 से ज्यादा खेतों से चोरी के पांच मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पहला मामला बरोणा गांव में 8 फरवरी को दर्ज हुआ था, जिसमें बरोणा के छह किसानों, 22 फरवरी को हलालपुर के चार किसानों, 8 मार्च को गोपालपुर के पांच किसानों, 11 मार्च को हलालपुर के चार किसानों ने खेतों से सोलर पैनल, कनेक्टर व तार सहित अन्य सामान चोरी हुआ था।