सोनीपत। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनबीसी) की टीम को युवक को मादक पदार्थ तस्करी के संदेह में काबू कर लिया। उसने राजपत्रित अधिकारी के सामने तलाशी देने को कहा तो टीम को छह अधिकारियों से संपर्क करना पड़ा। एक अधिकारी ने मौके पर आकर कह दिया कि युवक को पहले से ही पकड़ रखा है और बिना तलाशी लिए चले गए। बाद में दूसरे अधिकारी आए और तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 130 ग्राम चरस मिली। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
एचएसएनबीसी यूनिट रोहतक से एएसआई संदीप की टीम मादक पदार्थ तस्करी की सूचना पर गोहाना पहुंची थी। ड्रेन नंबर-8 के पास संदिग्ध युवक को काबू किया गया। युवक की तलाशी के लिए राजपत्रित अधिकारी को मौके पर बुलाने की प्रक्रिया शुरू की गई। गोहाना के बीडीपीओ से संपर्क किया तो वह छुट्टी पर मिले। ईटीओ से शुरुआत में संपर्क हुआ लेकिन बाद में संपर्क नहीं हुआ। ईटीओ के कर्मचारी से संपर्क किया तो बताया गया साहब को अचानक छुट्टी पर जाना पड़ गया। कोशिश करने पर डीसी कार्यालय में संपर्क नहीं हुआ। एसडीएम से संपर्क करके गोहाना के नायब तहसीलदार का नंबर लिया। संपर्क किया गया तो बोले मेरी ड्यूटी नहीं है। डीसी के पीए से संपर्क करने पर कहा गया कि नायब तहसीलदार की ड्यूटी लगा दी गई। कुछ समय बाद वह मौके पर आए और कहा कि युवक को पहले ही काबू कर रखा है और इसकी तलाशी लेना उचित नहीं मानते। वह बिना तलाशी के चले गए। इसके बाद फिर डीसी के पीए से संपर्क करने पर तहसीलदार का संपर्क नंबर दिया गया। तहसीलदार से संपर्क करने पर कहा मैं छुट्टी पर जा चुका हूं। बाद में एसडीएम से संपर्क किया तो उन्होंने खानपुर कलां उप तहसील के नायब तहसीलदार को भेजा। उनकी मौजूदगी में टीम ने तलाशी ली तो युवक के पास 130 ग्राम चरस मिली। आरोपी की पहचान हिसार में गांव राजथल के अशोक के रूप में हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ सिटी थाना में मुकदमा दर्ज किया है।