फोटो 18: सोनीपत के टीकाराम कन्या महाविद्यालय के पास स्कूटी को टक्कर मारने के बाद मौके पर छोड़ी ग
सोनीपत। टीकाराम कन्या महाविद्यालय के पास थार ने स्कूटी सवार दो बहनों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को निजी अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है।
चालक गाड़ी को मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी में गाड़ी आती हुई दिखाई दे रही है।
गांव बढ़खालसा निवासी ज्योति देवडू रोड पर रहने वाली अपनी बहन सरस्वती से मिलने के लिए आई थीं। शनिवार को वह घर से खरीदारी के लिए निकली थीं।
जब वह टीकाराम कन्या महाविद्यालय की तरफ से मंडी रोड की ओर जा रही थीं तो काले रंग की तेज रफ्तार थार ने एक कार के सामने से कट मारते हुए स्कूटी सवार ज्योति और सरस्वती को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने दोनों को संभाला। इसी बीच भीड़ का फायदा उठाकर चालक गाड़ी छोडकर भाग गया। दोनों बहनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए। सूचना के बाद थाना शहर पुलिस मौके पर पहुंची और थार को कब्जे में लेकर थाने ले गई।
जांच में सामने आया कि गाड़ी सिद्धार्थ एंक्लेव में रहने वाले युवक के नाम पर पंजीकृत है। बताया जा रहा है कि गाड़ी को युवक के दोस्त लेकर आए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गाड़ी पर राष्ट्रीय पार्टी की झंडी लगी है। अस्पताल में भर्ती दोनों बहनों के बयान दर्ज नहीं हो सके हैं।
पुलिस उनके बयान के आधार पर कार्रवाई करेगी। राहगीरों ने बताया कि हादसे के समय साइकिल पर सवार होकर वहां से दो बच्चे भी निकल रहे थे। वह गाड़ी की चपेट में आने से बच गए।