फोटो - मेन बाजार में सजावटी सामान की खरीद करती हुई महिला। संवाद
गोहाना। धनतेरस के दिन बाजार दिनभर गुलजार रहे। ग्राहकों ने भी धनतेरस पर गहने, बर्तन और वाहनों की जमकर खरीदारी की। ज्वेलरी, कपड़े, बर्तन और वाहनों के शोरूम पर दिन भर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। धनतेरस पर शहर में करीब 70 करोड़ रुपये का कारोबार का अनुमान है।
धनतेरस पर इस बार बाजार में जमकर धनवर्षा हुई। धनतेरस पर बाजार में सुबह से ही खरीदारी करने के लिए ग्राहक पहुंचना शुरू हो गए थे। क्षेत्र में बीते वर्ष धनतेरस पर करीब 60 करोड़ का कारोबार हुआ था। इस बार धनतेरस पर कारोबार 70 करोड़ रुपये के आंकड़े तक पहुंच गया। धनतेरस पर ज्यादातर खरीदारी बड़े-छोटे वाहन, ज्वेलरी, इलेक्ट्रॉनिक सामान और बर्तनों की हुई। ग्राहकों ने वाहनों की बुकिंग पहले से ही कर रखी थी। ज्यादातर ग्राहक धनतेरस पर अपने वाहन की डिलीवरी लेने के लिए पहुंचे। बाइक विक्रेता नरेंद्र गहलावत ने बताया कि जीएसटी दरें कम होने के चलते वाहनों के रेट काफी कम हो हैं। इससे ग्राहकों ने वाहनों की खरीद करने में रुचि दिखाई।
इलेक्ट्रिक वाहनों की रही अधिक डिमांड
धनतेरस पर बाजार में इस बार सोने चांदी के सिक्कों के साथ इलेक्ट्रिक वाहनों की भी ज्यादा डिमांड रही। धनतेरस पर करीब 300 इलेक्ट्रिक स्कूटी और 450 से अधिक पेट्रोल बाइकों की बिक्री हुई। इसके अतिरिक्त बाजार में बर्तन दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ ज्यादा रही। महिलाओं ने घरेलू प्रयोग में आने वाले बर्तनों की खरीदारी जमकर की। धनतेरस पर लोगों ने झाड़ू खरीदने की परंपरा का भी निर्वहन किया।
इलेक्ट्रॉनिक की दुकानों पर भी जमकर हुई खरीदारी
धनतेरस पर शहर में इलेक्ट्रॉनिक की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। ग्राहकों ने इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों से एलईडी, वॉशिंग मशीन, फ्रिज, गीजर आदि सामान की खरीद की। दुकानदारों ने भी खरीदारी पर आकर्षक ऑफर दिए हुए थे। वहीं महिलाओं ने बाजार में घर को सजाने के लिए सजावटी सामान की खरीदारी करने में रुचि दिखाई।
फोटो - मेन बाजार में सजावटी सामान की खरीद करती हुई महिला। संवाद