राठधना रोड स्थित शोरूम के संचालक का कारिंदा 4.90 लाख रुपये सहित संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। शोरूम संचालक ने उसको रुपये निकालने के लिए बैंक भेजा था। सहायक ने बैंक से रुपये निकालकर शोरूम संचालक को मैसेज किया कि उससे पिस्तौल दिखाकर चार युवकों ने रुपये छीन लिए हैं। उसके बाद से उसका मोबाइल बंद आ रहा है।
सोनीपत निवासी सुधीर सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका राठधना रोड पर इलेक्ट्रॉनिक्स के सामान का शोरूम है। उन्होंने शोरूम पर काम में सहयोग करने के लिए करीब एक महीने पहले एक युवक को रखा था। उन्होंने 30 मई की दोपहर में 4.90 लाख रुपये का चेक देकर उसको बैंक से रुपये निकालने भेजा था। उसने 2:10 मिनट पर बैंक से रुपये निकाल लिए। इसका मैसेज उनके मोबाइल पर आ गया। उसके बाद 2:26 मिनट पर युवक के मोबाइल से मैसेज आया। उसने लिखा कि गन प्वाइंट पर चार युवकों ने उससे रुपये छीन लिए हैं। उसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। उसको हरसंभव स्थान पर तलाश किया, लेकिन पता नहीं लग सका। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।