सोनीपत। प्रदेश में पहली बार स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप कराई जाएगी। खेल स्कूल राई में स्टेट चैंपियनशिप कराने के लिए स्थायी रेंज बनाने की शासन से मंजूरी मिल गई है। अभी तक किराये की रेंज में दिल्ली के अंदर यह हरियाणा स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप कराई जाती थी और इस बार वहां शूटिंग रेंज किराये पर नहीं मिलने से करीब तीन हजार शूटरों का भविष्य दांव पर लग गया था। अब अस्थायी रेंज की मंजूरी मिलने से समस्या दूर हो गई है और 27 फरवरी से 5 मार्च तक चैंपियनशिप खेली जाएगी। इसमें विश्व कप, कॉमनवेल्थ व एशियन गेम्स के पदक विजेताओं समेत ओलंपियन शूटर निशाना लगाएंगे।
प्रदेश में एक भी ऐसी शूटिंग रेंज नहीं है, जिसमें स्टेट चैंपियनशिप कराई जा सके। इसलिए ही स्टेट राइफल एसोसिएशन हर बार दिल्ली की कर्णी सिंह शूटिंग रेंज को किराये पर लेकर चैंपियनशिप कराती थी। यह स्टेट चैंपियनशिप पिछले करीब 30 साल से अधिक समय से कराई जा रही है तो पिछले पांच साल से रजिस्टर्ड एसोसिएशन इसे करा रही है। इस बार दिल्ली में कई कारणों से रेंज नहीं मिलने से करीब तीन हजार शूटरों का भविष्य दांव पर लग गया था। स्टेट चैंपियनशिप नहीं होने से हरियाणा के शूटरों का नेशनल में खेलना नामुमकिन था। जिसको देखते हुए हरियाणा राइफल एसोसिएशन ने खेल स्कूल राई में स्टेट चैंपियनशिप के लिए अस्थायी रेंज बनाने को खेल विभाग से अनुमति मांगी थी। जिसकी एसोसिएशन को अनुमति मिल गई है और अब खेल स्कूल राई में अस्थायी रेंज बनाकर स्टेट चैंपियनशिप कराई जाएगी। इस तरह से यह पहली बार होगा कि स्टेट चैंपियनशिप अपने हरियाणा के अंदर ही कराई जाएगी। जिससे शूटरों के लिए भी दिल्ली जाने की परेशानी दूर हो गई है।
--
27 फरवरी से होगी चैंपियनशिप, अंतरराष्ट्रीय शूटर भी हिस्सा लेंगे
हरियाणा राइफल एसोसिएशन के महासचिव अशोक मित्तल ने बताया कि स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप 27 फरवरी से 5 मार्च तक होगी। उनके अनुसार यह चैंपियनशिप अभी तक दिल्ली में कराई जाती थी, लेकिन पहले बार यह हरियाणा में होगी। इसके लिए अस्थायी रेंज बनाने को डीसी श्यामलाल पूनिया को पत्र दिया गया था। जिसको डीसी ने खेल विभाग को भेजा तो प्रमुख सचिव योगेंद्र चौधरी ने उसपर अनुमति देकर शूटरों के भविष्य को बचा लिया। उनके अनुसार स्टेट चैंपियनशिप में वर्ल्ड चैंपियन, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स के पदक विजेताओं के अलावा ओलंपियन भी हिस्सा लेंगे।
--
स्टेट चैंपियनशिप में लिए खेल स्कूल राई में अस्थायी रेंज बनाने की शासन से अनुमति मिल गई है। अब वहां राइफल एसोसिएशन अपनी ओर से व्यवस्था करके चैंपियनशिप करा सकते है। पहली बार हरियाणा में यह स्टेट चैंपियनशिप होगी।
- श्यामलाल पूनिया, डीसी