खरखौदा में एक दुकान से नमूने लेते खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र गहलावत व अन्य। संवाद
- फोटो : Sonipat
सावन के महीने में घेवर व अन्य मिठाइयों की मांग बढ़ने लगी है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन अलर्ट हो गया है। शहर में कई दुकानों पर रविवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने छापा मारा। इस दौरान टीम ने कई दुकानों पर खाद्य पदार्थों की जांच की। साथ ही किराने की दुकान से नमक व डेयरी से बिस्कुट, घी, पनीर, दही के नमूने लिए। इन नमूनों को जांच के लिए चंडीगढ़ स्थित लैब में भेजा जाएगा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम के पहुंचने की सूचना मिलने के बाद कई डेयरी संचालक दुकानें बंद करके भाग गए। इस कार्रवाई के दौरान टीम ने दुकानदारों के लाइसेंस भी चेक किए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र गहलावत ने दुकानदारों से अपील करते हुए कहा कि वह अपने लाइसेंस बनवा लें। बिना लाइसेंस के दुकानों चलाने वालों के खिलाफ एफआईआर भी करवाई जा सकती है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र ने बताया कि पिछले वर्ष खरखौदा सब्जी मंडी सहित कई डेयरियों में पनीर व दूध से बने खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए थे, जिनमें से कई नमूने फेल आए थे। ऐसे डेयरी वालों के खिलाफ केस चला हुआ है और उन पर जुर्माना या सजा भी हो सकती है। इसलिए दुकानदार मानकों पर खरी उतरने वाली खाद्य सामग्री ही बेचे।