नियम 134ए के तहत विद्यार्थियों को दाखिला देने से इनकार करने पर अभिभावकों ने छात्र-अभिभावक संघ के नेतृत्व मेें निजी स्कूलों के बाहर हल्ला बोल प्रदर्शन किया। गुस्साए अभिभावक दोपहर को जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यालय पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। इस दौरान अभिभावकों ने एपीसी डॉ. बलदीप खत्री को ज्ञापन सौंपा। डॉ. बलदीप खत्री ने अभिभावकों को आश्वस्त किया कि जिन विद्यार्थियों को स्कूल अलॉट किए गए हैं, उन्हें दाखिला दिलवाया जाएगा।
छात्र अभिभावक संघ के नेतृत्व में अभिभावक वीरवार सुबह पहले देवडू रोड स्थित ऋषिकुल विद्यापीठ, उसके बाद सेक्टर 15 स्थित डीएवीएम स्कूल के बाहर पहुंचे। यहां स्कूल गेट के बाहर धरने पर बैठ स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारे लगाए। दोनों स्कूलों के बाहर हल्ला बोल प्रदर्शन करने के बाद अभिभावक पैदल मार्च निकालते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। अभिभावकों के प्रदर्शन को देखते हुए एपीसी डॉ. बलदीप खत्री ने उप जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया से बातचीत कर अभिभावकों को आश्वासन दिया कि इस मामले में शिक्षा निदेशालय की सरकार से बातचीत चल रही है और जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि नियम 134ए के तहत दाखिला प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जिन विद्यार्थियों को स्कूल अलॉट हुए हैं, सभी को दाखिला दिलवाया जाएगा। इसके बाद ही अभिभावक शांत हुए और लौटे। इस मौके पर सुदेश, निशा, शशि, अनीता, कृष्णा, सुनीता, कमलेश, मनोज, सुमित, संजीव, विनोद शर्मा, कुलदीप, ओम प्रकाश, महेश मौजूद रहे।
नहीं होने दिया जाएगा भविष्य से खिलवाड़
आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष देवेंद्र गौतम ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। छात्र अभिभावक संघ के संघर्ष का आम आदमी पार्टी समर्थन करती है। सरकार को जल्द गरीब परिवारों के विद्यार्थियों के दाखिले नियम 134ए के तहत सुनिश्चित करने चाहिए।
कल तक दाखिले नहीं हुए तो स्कूलों पर जड़ेंगे ताले
छात्र अभिभावक संघ की सदस्य प्रवेश कुमारी ने कहा कि यदि शुक्रवार तक पात्र विद्यार्थियों के दाखिले नहीं हुए तो मजबूरन आंदोलन तेज करना पड़ेगा। बच्चों को नियम 134ए के तहत दाखिला दिलवाने के लिए चक्का जाम व स्कूलों पर ताला जड़ने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
वर्जन
निजी स्कूलों द्वारा नियम 134ए के तहत बच्चों का दाखिला करने से इनकार करने पर अभिभावकों ने प्रदर्शन किया। उन्हें आश्वासन दिया गया है कि शिक्षा निदेशालय की सरकार से इस मामले में बातचीत चल रही है। जल्द समाधान निकाला जाएगा। जिन विद्यार्थियों को स्कूल अलॉट हुए हैं, उन सभी को दाखिला दिलवाया जाएगा।
- नवीन गुलिया, उप जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत