सोनीपत के गांव भिगान के पास स्थित होटल में आए युवकों ने पहली जनवरी की रात आकर हंगामा करने के बाद मंगलवार तड़के तीन बजे आकर कैशियर के पैर में गोली मार दी। कैशियर का आरोप है कि नए वर्ष की रात को युवक आकर बीयर पीने लगा तो उसे रोका गया था। जिस पर वह हंगामा कर चले गए थे। बाद में आज आकर हमला कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव सांदल कलां निवासी बिजेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह मुरथल के गांव भिगान स्थित होटल में कैशियर के पद पर पांच माह से काम करते हैं। वह 1 जनवरी की रात को ड्यूटी पर थे। रात करीब साढ़े 11 बजे होटल पर तीन युवक व दो युवती आए थे। उनमें से एक युवक बीयर पी रहा था। बीयर पीने से रोकने पर उसने बाउंसर से बहस शुरू कर दी थी।
उन्होंने पुलिस को सूचना दी तो वह भाग गए थे। वह सोमवार रात को भी ड्यूटी पर थे। तड़के तीन युवक अपने तीन-चार अन्य साथियों के साथ होटल में पहुंचे। उन्होंने आते ही ईंट व पत्थर उठाकर उनकी तरफ फेंका। गनीमत रही कि वह किसी को नहीं लगी। इसी बीच एक युवक ने पिस्तौल निकालकर उन पर गोली चला दी। गोली उनके पैर में लगी। जिसके बाद हमलावर राजस्थान नंबर की कार में बैठकर भाग गए। हमले में घायल बिजेंद्र को मुरथल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिस पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।