सोनीपत। नागरिक अस्पताल में मरीजों को गर्म पानी नहीं मिल रहा है। सर्दी में वार्डों में भर्ती किए गए मरीजों को गर्म पेयजल के लिए तरसना पड़ रहा है। साथ ही मशीन के उपकरण न होने के कारण सीबीसी व केएफटी जांच के लिए मरीज परेशान हैं। दिन के समय तीमारदार चाय की दुकानों पर पैसे देकर गर्म पानी ले आते हैं। लेकिन रात के समय वह भी नहीं मिल पाता है। रविवार रात को तीमारदारों ने नर्सिंग अधिकारियों से गर्म पानी के लिए हीटर की मांग की तो मना करने पर मरीजों व उनके तीमारदारों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ रोष जताया।
जिला नागरिक अस्पताल के मेडिकल वार्ड में भर्ती मरीजों को गर्म पानी उपलब्ध कराने के लिए गीजर की व्यवस्था नहीं है। लोगों का आरोप है कि सर्दी से बचने के लिए नर्सिंग अधिकारी खुद हीटर चला रहे हैं। मरीजों के लिए गर्म पानी के लिए हीटर की सुविधा नहीं दी जा रही। गर्म पानी की सबसे ज्यादा जरूरत प्रसूता (जच्चा) व भर्ती मरीजों को पड़ती है। अस्पताल में व्यवस्था न होने के कारण आसपास के दुकानदार 10 से 20 रुपये लेकर गर्म पानी कर उन्हें देते हैं। साथ ही प्रयोगशाला में पूरे उपकरण न होने के कारण सीबीसी व केएफटी जांच कराने में परेशानी हो रही है।
सर्दी में मेरी मां को सांस लेने में परेशानी हो रही थी। छह दिन पहले मां को मेडिकल वार्ड में भर्ती किया हूं। अस्पताल में गर्म पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। नर्सिंग अधिकारियों से पानी गरम करने के लिए हीटर मांगा तो मना कर दिया। -रामनारायण, गांव अटेरना
अस्पताल के आसपास दुकानों से पैसे देकर गर्म पानी खरीद रहा हूं। सर्दी ज्यादा होने के बाद भी अस्पताल में गर्म पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। मरीजों को गर्म पानी की जरूरत पड़ रही है। -नीरज, गांव जैनपुर।
अस्पताल में सर्दी में भी मरीजों व परिजनों को गर्म पानी नहीं मिल पा रहा है। दिन में दुकानों से पैसे देकर गर्म पानी ला रहा हूं। रात में दुकानों के बंद होने के बाद गर्म पानी की व्यवस्था नहीं हो पाती। -मनोज, गांव भिगान।
प्रयोगशाला में जांच का सामान खत्म होने की वजह से खून की जांच नहीं की जा रही है। मरीजों को अस्पताल से बाहर निजी प्रयोगशाला में पैसे देकर खून की जांच करानी पड़ रही है। इससे हमें सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। -सुनील, सोनीपत।
वार्डों में भर्ती मरीजों को सर्दी में गर्म पानी नहीं मिलने का मामला संज्ञान में आया है। अस्पताल में गर्म पानी की व्यवस्था कराई जाएगी। सभी वार्डों के इंचार्ज को गर्म पानी की व्यवस्था करने के लिए रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। प्रयोगशाला में सीबीसी व केएफटी जांच के लिए सामान मुख्यालय से मांग रखे हैं। -डॉ. लोकवीर सिंह, प्रधान चिकित्सा अधिकारी, जिला नागरिक अस्पताल।
फोटो 25. सोनीपत के जिला नागरिक अस्पताल के मेडिकल वार्ड में भर्ती मरीज। संवाद
फोटो 25. सोनीपत के जिला नागरिक अस्पताल के मेडिकल वार्ड में भर्ती मरीज। संवाद
फोटो 25. सोनीपत के जिला नागरिक अस्पताल के मेडिकल वार्ड में भर्ती मरीज। संवाद
फोटो 25. सोनीपत के जिला नागरिक अस्पताल के मेडिकल वार्ड में भर्ती मरीज। संवाद
फोटो 25. सोनीपत के जिला नागरिक अस्पताल के मेडिकल वार्ड में भर्ती मरीज। संवाद