सोनीपत। कोर्ट परिसर में बदमाश अजय उर्फ बिट्टू पर किए गए जानलेवा हमले के आरोपी बदमाश रामकरण और साथियों का पंजाब होने का सूचना मिली है। अब पुलिस को शक है कि वह देश छोड़कर भागने का प्रयास कर रहा है। पुलिस को आशंका है कि बदमाश ने पंजाब में नकली पासपोर्ट तैयार कराने का प्रयास किया होगा। इसके लिए पुलिस ने एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ा दी है। वहीं नेपाल पुलिस से भी सहयोग मांगा गया है।
पुलिस को आशंका सता रही है कि कहीं बदमाश रामकरण भी राजू बसौदी और काला जठेड़ी की तरह विदेश न भाग जाए। पंजाब में राजू बसौदी सहित अन्य बदमाशों का फर्जी पासपोर्ट तैयार कराने के खुलासे के बाद पंजाब में रामकरण व उसके साथियों के छिपने की जानकारी मिली है।
याद रहे कि 18 मार्च को कोर्ट परिसर में बदमाश अजय उर्फ बिट्टू बरोणा पर जानलेवा हमला कराने के षड्यंत्र में रामकरण का नाम सामने आया है। वहीं उसके पिता की हत्या के मामले में भी वह नामजद है। पुलिस ने रामकरण के घर से भारी मात्रा हथियार, नकदी, आभूषण, लग्जरी गाड़ी बरामद की थी। पुलिस के अनुसार रामकरण का बड़ा गिरोह है। उसके पास करीब 35 शार्प शूटर हैं। उसकी रंजिश संदीप बड़वासनी गिरोह से चल रही है। इंस्पेक्टर सोनू मलिक का नाम भी रामकरण के साथ जुड़ा है। पुलिस ने रामकरण की तलाश में एक दर्जन टीम लगाई हैं। पुलिस को पता लगा था कि रामकरण व उसके साथी पंजाब में छिपे हैं। जिस पर पुलिस ने वहां दबिश दी थी। पुलिस ने रामकरण का फोटो और उसकी पहचान विभिन्न राज्यों की पुलिस के साथ एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसी को उपलब्ध कराई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए हर स्तर पर प्रयास जारी हैं।
पुलिस टीम आरोपी रामकरण और उसके साथियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। उसके बारे में जहां इनपुट मिलता है, वहीं पुलिस टीम को भेजा जा रहा है। उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। - डॉ. रवींद्र कुमार, डीएसपी