कुंडली बॉर्डर के पास से छह डकैतों ने कैंटर चालक का पिस्तौल के बल पर अपहरण कर सात लाख रुपये के जींस के कपड़े से भरा कैंटर लूट लिया। बदमाशों ने चालक के हाथ-पैर बांधकर उसे अपनी ईको वैन में डाल लिया और फरीदाबाद में फेंक कर भाग गए। चालक ने बंधन मुक्त होकर कुंडली में आकर पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने छह बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की तीन टीम बदमाशों का सुराग लगाने के लिए सीसीटीवी खंगाल रही है।
अंबाला से जींस का कपड़ा लेकर दिल्ली जा रहे थे कैंटर चालक
दिल्ली के सिरसपुर स्थित राणा पार्क निवासी केदारनाथ यादव ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि वह बुधवार रात को अपने कैंटर में अंबाला से चार टन जींस का कपड़ा लेकर दिल्ली के सीलमपुर के लिए चले थे। वह तडक़े करीब तीन बजे कुंडली बॉर्डर पर पहुंच गए। कुंडली बॉर्डर पर आने के बाद उन्होंने दिल्ली का टैक्स कटाने के लिए आरटीओ कार्यालय के पास कैंटर को रोक दिया।
इसी बीच पीछे से एक ईको वैन आकर उनके पास रूकी। वैन से छह युवक सवार थे। वह नीचे उतरे और उनके पास आकर कागजात दिखाने को कहा। इससे पहले की वह कुछ समझ पाते उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने पिस्तौल निकालकर उन पर तान दी और हाथ-पैर बांधकर उन्हें अपनी ईको वैन में डाल लिया। चार युवक वैन में ही सवार होकर गए और दो युवक उनका कैंटर लेकर चलने लगे।
वह उन्हें फरीदाबाद के पास छायसा टोल तक ले गए। जहां उसे ईको वैन से नीचे फेंक दिया। उसने बंधन मुक्त होकर किसी तरह से इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद कुंडली थाना में पहुंचकर मुकदमा दर्ज कराया। कुंडली थाना पुलिस ने छह बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
खुद को टैक्स (आरटीओ) कार्यालय के कर्मचारी बताया
केदारनाथ यादव का आरोप है कि जब उन्हें दिल्ली का टैक्स कटवाने को गाड़ी रोकी तो तभी ईको वैन आकर उनके पास रूकी। उन्होंने नीचे उतरते ही खुद को टैक्स (आरटीओ) कार्यालय के कर्मचारी बताया। जिसके बाद अचानक पीटने लगे और पिस्तौल अड़ा दी। उसके बाद वारदात को अंजाम दिया।
जांच अधिकारी के अनुसार
कैंटर चालक के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। बदमाशों की गाड़ी के नंबर के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। चालक का एक मोबाइल भी कैंटर में रह गया है। जिसकी लोकेशन के आधार पर बदमाशों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की तीन टीम लगाई गई हैं।
-इंस्पेक्टर ऋषिकांत, थाना प्रभारी, कुंडली।