गन्रौर। विधायक देवेंद्र कादियान ने शहजादपुर से भिगान वाया कामी गांव तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य का नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। यह सड़क नाबार्ड योजना के तहत बनाई जाएगी, जिसकी अनुमानित लागत 515.59 लाख रुपये है। निर्माण कार्य को 6 माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि अच्छी सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास का पैमाना होती है। आवागमन की अच्छी सुविधा होने पर क्षेत्र का सर्वांगीण विकास होता है। ग्रामीण और शहरी इलाकों में यातायात और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए लगातार पहल की जा रही है।
कादियान ने कहा, काफी लंबे समय से लोग इस खराब सड़क की वजह से परेशान थे, लेकिन अब वह समय गया। उनकी प्राथमिकता है कि हर गांव, हर व्यक्ति तक विकास की सुविधा पहुंचे। सरकार की योजनाएं सिर्फ कागज पर नहीं, जमीन पर उतर रही है और यह सड़क इसका एक उदाहरण है।
पीडब्ल्यूडी के एसडीओ अनिल चहल ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा और यह मार्ग क्षेत्र को यातायात के लिहाज से बेहतर कनेक्टिविटी देगा। इस अवसर पर एसडीओ अनिल चहल, जेई नवनीत, कपिल, सरपंच बलराज नैन, दीपक नैन, अजय, बलबीर, अनिल ठेकेदार, मुकेश, गौरव मलिक, सतबीर सरपंच, सत्यवान, शमशेर, जोगिंद्र, श्रवण आदि मौजूद रहे।