सोनीपत। ककरोई चौक पर कई दिन से पानी की लीकेज लाइन ठीक करने के लिए नगर निगम के अधिकारी हरकत में आए। लीकेज हुई लाइन को ठीक करने के लिए बुलडोजर से सड़क को उखाड़ा गया और इसकी मरम्मत को लेकर दिनभर ठेका कर्मी जुटे रहे।
नगर निगम अधिकारी ने कहा कि जल्द ही लाइन को ठीक करके पानी की आपूर्ति की जाएगी। इसके बाद शहर के लोगों को सड़क पर बन रहे गड्ढे से निजात मिलेगी। ककरोई चौक पर पेयजल लाइन लीक होने के कारण कई दिन से सड़क धंस रही थी। जिला व्यापार मंडल के प्रधान संजय सिंगला की ओर से नगर निगम के अधिकारियों को इस बारे में लगातार अवगत कराया जा रहा था। सड़क पर लगातार बन रहे गड्ढे के बाद नगर निगम के अधिकारी हरकत में आए और रविवार को बुलडोजर से सड़क उखाड़कर पेयजल की लीकेज लाइन की मरम्मत शुरू कराई। मेनहोल से जब मिट्टी निकाली गई तो पता चला कि नीचे पीने के पानी की लाइन लीक थी और काफी तेजी से पानी का रिसाव हो रहा था। अब लीकेज लाइन को ठीक करने का कार्य किया जा रहा है। संजय सिंगला का कहना है कि एक तरफ लोग पीने के पानी के लिए तरसते हैं। दूसरी तरफ इस तरह से पता नहीं कितनी पाइप लाइन लीक होगी जिनसे कितने लीटर पीने का पानी रिस रहा होगा।
वर्जन
ककरोई चौक पर कई दिन से पेयजल लाइन लीक होने से सड़क धंस रही थी। ठेकेदार की मदद से सड़क उखड़वाकर पानी की लाइन दुरुस्त कराई जा रही है। इसके बाद लाइन लीकेज होने की नौबत नहीं आने दी जाएगी।- नरेंद्र कुमार, सहायक अभियंता, नगर निगम।