सोनीपत। लोक निर्माण विभाग ने ग्रामीणों के तीन दिन के अल्टीमेटम देने के दो दिन बाद ही खस्ताहाल ककरोई रोड पर मरम्मत का कार्य शुरू करवा दिया है। ककरोई रोड पर ग्रामीणों ने शुक्रवार को जिला पार्षद संजय बड़वासनी के नेतृत्व में गड्ढों में बैठकर सरकार व प्रशासन के खिलाफ रोष जताया था। इस दौरान ग्रामीणों ने तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए लोक निर्माण विभाग कार्यालय का घेराव कर धरना देने की चेतावनी दी थी।
जिला पार्षद संजय बड़वासनी व सरपंच कर्मवीर फौजी ने कहा कि अगर प्रशासन समय रहते लोगों की समस्या का समाधान करवा दें तो लोगों को प्रदर्शन नहीं करना पड़े। उन्होंने बताया कि करीब 16 साल से खस्ताहाल ककरोई रोड पर ज्यादा गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों व राहगीरों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही थी। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन ई-रिक्शा पलट रही थी और दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे थे। इस समस्या को लेकर करीब आधा दर्जन से ज्यादा गांवों के लोग परेशान थे। इनमें ककरोई, भदाना, खेड़ी, नकलोई, निरथान, सिलाना, खांडा, सेहरी शामिल हैं। अब खस्ताहाल सड़क की मरम्मत होने से वाहन चालकों व ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी।