सोनीपत। महाविद्यालयों में दाखिले के लिए पंजीकरण करवा चुके विद्यार्थियों का दाखिले को लेकर इंतजार दो दिन और बढ़ गया है। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने कॉलेजों में दाखिला प्रक्रिया को लेकर पहले जारी किए गए शेड्यूल में बदलाव किया है। इसके तहत 02 जुलाई को जारी की जाने वाली प्रोविजनल मेरिट सूची अब 04 जुलाई को और फाइनल मेरिट सूची 05 जुलाई को जारी की जाएगी। माना जा रहा है कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की अंतिम तिथि पांच दिन बढ़ाने के कारण ही दाखिले के शेड़्यूल में बदलाव किया है।
महाविद्यालयों में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है, इसका रविवार को अंतिम दिन रहेगा। उच्चतर शिक्षा निदेशालय की तरफ से ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि पांच दिन बढ़ाए जाने के बावजूद भी कॉलेजों में दाखिला प्रक्रिया धीमी ही रही है। यही कारण है कि अधिकतर महाविद्यालयों में अंतिम तिथि से एक दिन पहले तक निर्धारित सीटों से कम ही आवेदन पहुंचे हैं। इससे महाविद्यालय प्रबंधन की परेशानी बढ़ी हुई है। अंतिम तिथि को रविवार होने के बावजूद महाविद्यालय प्रबंधन ने कॉलेज खोलने का निर्णय लिया है, ताकि आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो। अंतिम दिन आवेदन करने वाले विद्यार्थियों की भीड़ बढ़ने की उम्मीद है।
01 जुलाई तक ठीक की जा सकेगी त्रुटियां
जारी शेड्यूल के अनुसार विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन में हुई त्रुटि को 01 जुुलाई तक ठीक करवा सकेंगे। 02 जुलाई तक दस्तावेजों की जांच की जाएगी। 04 जुलाई को प्रोविजनल व 05 जुलाई को पहली फाइनल मेरिट सूची जारी की जाएगी। मेरिट सूची में शामिल विद्यार्थी 05-09 जुलाई तक फीस जमा करवाकर अपना दाखिला सुनिश्चित कर सकेंगे। दूसरे चरण की काउंसिलिंग के बाद कक्षाएं शुरू की जाएंगी।
यह रहेगा नया शेड्यूल
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया : 30 जून तक
आवेदन में त्रुटियां ठीक कर सकेंगे : 01 जुलाई तक
दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन : 02 जुुलाई तक
पहले चरण की काउंसिलिंग
पहली प्रोविजनल मेरिट सूची जारी : 04 जुलाई
पहली फाइनल मेरिट सूची जारी : 05 जुलाई।
फीस जमा करवाने की तिथि : 05 से 09 जुलाई तक
दूसरे चरण की काउंसिलिंग
दूसरी प्रोविजनल मेरिट सूची जारी : 10 जुलाई
दूसरी फाइनल मेरिट सूची जारी : 11 जुलाई
फीस जमा करवाने की तिथि : 11 से 13 जुलाई
तीसरे चरण की काउंसिलिंग
पहली व दूसरी काउंसलिंग में वंचित आवेदकों की फिजिकल काउंसलिंग : 16 जुलाई
पंजीकरण के लिए दाखिला पोर्टल रि-ओपन : 17 जुलाई
100 रुपये विलंब शुल्क सहित फिजिकल काउंसलिंग : 17 से 23 जुलाई
100 रुपये प्रतिदिन विलंब शुल्क सहित फिजिकल काउंसलिंग : 24 से 30 जुलाई
महाविद्यालयों में दाखिले के लिए चल रही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को रविवार को अंतिम दिन रहेगा। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने दाखिले को लेकर पहले जारी किए गए शेड्यूल में बदलाव किया है। इसके तहत पहली फाइनल मेरिट लिस्ट अब 05 जुलाई को जारी की जाएगी। दूसरे चरण की काउंसिलिंग के बाद कक्षाएं शुरू की जाएंगी।
- डॉ. दिलबाग जाखड़, प्राचार्य, राजकीय महिला महाविद्यालय, सोनीपत