संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। विधायक निखिल मदान ने सोमवार सुबह ओल्ड रोहतक रोड पर नवजीवन अस्पताल के सामने दूषित पेयजल आपूर्ति की समस्या के समाधान के लिए पाइप लाइन की मरम्मत शुरू करवाई। दो-तीन दिन से मिर्च मंडी और आसपास के क्षेत्र में दूषित पेयजल की आपूर्ति हो रही थी।
शिकायत मिलने पर विधायक ने निगम अधिकारियों को दूषित पेयजल आपूर्ति समस्या का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए थे। मरम्मत कार्य के एक-दो दिन में पूरा होने पर दूषित जलापूर्ति की सप्लाई से निजात मिल सकती है।
साथ ही मिशन चौक से लेकर कालूपुर चुंगी तक नई पेयजल लाइन डालने का कार्य भी अगले सप्ताह शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वर्तमान में रोहतक रोड पर पुरानी लाइन के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की जा रही है। इससे बार-बार लीकेज और लाइन टूटने की समस्या बनी रहती है।
विधायक निखिल मदान ने कहा कि बाबा कॉलोनी में दूषित जल भराव की समस्या के समाधान के लिए भी इंडस्ट्रियल एरिया डिस्पोजल पर जनरेटर की व्यवस्था की गई है। इससे लाइट जाने के बाद भी मोटर चालू रहेगी और सीवरेज लाइन से दूषित जल भराव नहीं होगा।
मोहन नगर बाईपास की पूरी सीवर लाइन की सफाई के कार्य के लिए विधायक ने अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए हैं। इस दौरान नवनिर्वाचित निगम पार्षद अनुराग जैन, पूर्व निगम पार्षद अतुल जैन, नवीन मंगला, राजेश वर्मा, प्रदीप गोयल, राजेश इंदौरा, शशिकांत शर्मा, नरेंद्र भोला भी मौजूद रहे।