फोटो - बरोदा गांव में जुलाना रोड के पुनर्निर्माण कार्य का उद्घाटन करते हुए विधायक इंदुराज नरवाल
- फोटो : Archive
गोहाना। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने बुधवार को गोहाना-जुलाना रोड के पुनर्निर्माण का काम शुरू कर दिया। सड़क के पुनर्निर्माण पर करीब 15.02 करोड़ रुपये खर्च होंगे। बरोदा गांव में विधायक इंदुराज नरवाल ने नारियल फोड़कर कार्य का उद्घाटन किया। वाहन चालकों की सुविधा के लिए सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर 24 फीट की जाएगी।
विधायक ने कहा कि जुलाना रोड लंबे समय से जर्जर हालत में था और जगह-जगह गड्ढे होने से वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी। क्षेत्रवासी लंबे समय से सड़क के पुनर्निर्माण की मांग कर रहे थे। उन्होंने बताया कि अगस्त 2025 में विधानसभा सत्र के दौरान मांग उठाने के बाद सड़क के पुनर्निर्माण को मंजूरी मिली थी। अब सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं।
इस अवसर पर कथूरा ब्लॉक प्रधान राकेश, मुंडलाना ब्लॉक प्रधान रघुबीर सहरावत, सरपंच जितेंद्र उर्फ पीलू खासा, बलराम मोर, अजय खासा, पूर्व सरपंच विकास धोला, मोनू, सुनील खासा, मिंदर और विकास आदि मौजूद रहे।
21.5 किलोमीटर में होगा पुनर्निर्माण
सड़क का पुनर्निर्माण 21.5 किलोमीटर में किया जाएगा। शहर में कार्य वाल्मीकी चौक से शुरू होगा। शहर की सीमा में रेलवे फाटक से वजीरपुरा मोड़ तक तथा बरोदा, बनवासा और रिंढाणा गांव में करीब चार किलोमीटर सड़क सीमेंट से बनाई जाएगी। इस क्षेत्र में जलभराव के कारण तारकोल की सड़क जल्दी जर्जर हो जाती है।