सोनीपत। गांव राठधना स्थित रेलेव स्टेशन पर आधी रात को एक कर्मी ने स्टेशन मास्टर को पीटकर घायल कर दिया। उसके बाद आरोपी कर्मचारी अपनी ड्यूटी बीच में ही छोड़कर भाग गया। स्टेशन मास्टर ने राजकीय रेलवे पुलिस को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
नफीस अली ने जीआरपी थाना पुलिस को बताया कि वह रेलवे में स्टेशन मास्टर हैं और उनकी नियुक्ति राठधना रेलवे स्टेशन पर है। 21 जून की रात करीब 11:40 बजे पर वह अपने कार्यालय में बैठे जरूरी काम कर रहे थे। रात में रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर दीपक और दो पर अशोक कुमार कांटेवाले की ड्यूटी थी। आरोप है कि रात में ड्यूटी के दौरान दीपक ने शराब पी रखी थी। नशे में धुत्त दीपक स्टेशन मास्टर के कार्यालय में पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। स्टेशन मास्टर नफीस अली ने उसको गाली देने से मना किया तो उसने पीटकर घायल कर दिया। उनके चेहरे, सीने और पेट पर गहरी चोट लगी है। दीपक उनको जान से मारने की धमकी देकर अपनी ड्यूटी बीच में ही छोड़कर भाग गया। स्टेशन मास्टर ने घटना की जानकारी जीआरपी को दी। जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।