गोहाना। शहर थाना क्षेत्र की कॉलोनी में रिश्ते में मामा के खिलाफ 12 साल की बच्ची ने करीब डेढ़ साल तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। बच्ची का आरोप है कि जब वह इस बारे में अपनी मां को बताती थी तो वह उसके साथ ही मारपीट करती थी। साथ ही किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देती थी। बच्ची ने सोमवार को हिम्मत जुटाकर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर फोन किया, जिस पर पुलिस घर पहुंची तो बच्ची ने मामले की जानकारी दी। पुलिस ने लड़की के बयान पर उसके रिश्ते में मामा और मां के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बच्ची की बड़ी बहन से भी दुष्कर्म कर चुका है और फिलहाल बड़ी बहन से दुष्कर्म के मामले में सुनारिया जेल में बंद है।
बच्ची ने सोमवार को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर फोन किया। जिसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन सेवा से सुनीता देवी व रोशनी देवी बच्ची के घर पहुंचीं। दोनों ने बच्ची से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसकी मां रोहतक के गांव की रहने वाली है। उसके ननिहाल के रहने वाले राजेश को उसकी मां ने धर्मभाई बना रखा है। वह अक्सर उनके घर आता था। बच्ची ने आरोप लगाया कि डेढ़ साल पहले उसके रिश्ते में मामा ने उसे घर के स्टोर में ले जाकर उसके साथ गलत काम किया था। बच्ची उस समय पांचवीं कक्षा में थी। आरोपी ने उसके साथ करीब डेढ़ साल तक कई बार गलत काम किया। बच्ची जब इसके बारे में अपनी मां को बताती थी तो उसकी मां उसके साथ ही मारपीट करती थी और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देती थी। लगातार प्रताड़ना से तंग आकर उसने अब मामले से चाइल्ड हेल्पलाइन पर फोन किया। जिस पर टीम ने आकर पुलिस को बुलाया। पुलिस ने बच्ची के बयान पर उसकी मां और मामा के खिलाफ 6 पोक्सो एक्ट, 506, 120बी के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ करेगी पुलिस
पुलिस के अनुसार जांच की तो पता लगा कि आरोपी इस समय सुनारिया जेल में है। उसे अक्तूबर, 2018 में बच्ची की बड़ी बहन के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर बच्ची के मामले में पूछताछ की जाएगी।
बच्ची की शिकायत पर उसके मामा और मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बच्ची की मां पर आरोप है कि उसने बच्ची की मदद करने के बजाय उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। जिस युवक पर आरोप है कि वह बच्ची की बड़ी बहन से दुष्कर्म के मामले में सुनारिया जेल में बंद है।
महिपाल, एसएचओ शहर गोहाना।