संयुक्त किसान मोर्चा के नेता राकेश टिकैत ने कहा कि अमेरिका में भी पीएम नरेंद्र मोदी के सामने किसानों का मुद्दा उठाया जाएगा। इसके लिए किसानों की ओर से अमेरिका में बसे भारतीयों, वहां के नेताओं और अमेरिका की जनता से ट्वीट कर गुजारिश की गई है। अमेरिका के दौरे पर गए प्रधानमंत्री को यह बताया जाए कि किसानों की मांगें पूरी तरह जायज हैं। तीनों कृषि कानूनों को हर हाल में रद्द किया जाना चाहिए।
वह शुक्रवार को कुंडली बॉर्डर पर आयोजित सभा में बोल रहे थे। इस दौरान 27 सितंबर को होने वाले भारत बंद के लिए रूपरेखा तैयार की गई। उन्होंने कहा कि कुंडली बॉर्डर पर विशाल सभा की जा रही है, जिसमें देशभर से साधु-संत व बुद्धिजीवी लोग पहुंचे हैं। कई दिनों से बातचीत रुकी हुई थी, इसलिए यहां बातचीत के लिए सभी पहुंचे हैं।
यह भी पढ़ें- पंजाब के सीएम का अलग अंदाज: पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी पहुंचे चन्नी ने डाला भंगड़ा, जमकर थिरके
यह सभी सरकार की खामियों को उजागर करते हुए किसानों के संघर्ष के बारे में बातचीत कर रहे हैं। टिकैत ने कहा कि उन्होंने ट्वीट कर अमेरिका के लोगों से कहा है कि वह वहां गए पीएम मोदी के सामने किसानों का मुद्दा उठाते हुए नो फूड-नो फार्मर के बैनर लगाएं। उन्होंने वहां के राजनीतिज्ञों को भी कहा है कि वह किसानों की आवाज को बुलंद करें। कुंडली बॉर्डर पर रास्ता खोलने के मामले में उन्होंने साफ किया कि संयुक्त किसान मोर्चा जो निर्णय लेगा, वह सभी के लिए मान्य होगा।