सोनीपत। दिल्ली-अंबाला रेल लाइन पर बादली-होलंबी कलां स्टेशन के बीच वीरवार को तीन अंडरपास पर आरसीसी बॉक्स लगाने का कार्य किया गया। इससे रेल यातायात प्रभावित रहा। रेलवे ने कार्य के लिए दोपहर 12:15 से दोपहर बाद 4:15 बजे तक चार घंटे का रेल यातायात ब्लॉक लिया था। इससे पैसेंजर सहित तीन ट्रेनों को रद्द कर दिया गया था, जबकि दो ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया। इससे यात्रियों को परेशानियां झेलनी पड़ी। रेलगाड़ियों के निरस्त होने से यात्रियों ने जहां बसों का सहारा लिया, वहीं कुछ यात्रियों ने अपनी यात्रा ही रद्द कर दी। इससे बस अड्डे पर यात्रियों की भारी भीड़ लगी रही।
बादली-होलंबी कलां रेलवे स्टेशन के बीच में बनाए जा रहे अंडरपास पर आरसीसी बॉक्स लगाने का कार्य किया जा रहा है। इसके चलते रेलवे अधिकारियों ने वीरवार को चार घंटे का रेल यातायात ब्लॉक लिया था। इससे कई रेलगाड़ियों का परिचालन बंद रहा, जबकि दो रेलगाड़ियों के चलने के समय में बदलाव किया गया। ये रेलगाड़ियां अपने निर्धारित समय से देरी से चलीं, जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। रेलगाड़ियों के रद्द होने की जानकारी न होने पर स्टेशन पहुंचे यात्री पूछताछ केंद्र पर ट्रेनों के आने का समय पूछते रहे।
यात्री बोले-पहले दी जानी चाहिए सूचना
रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद ट्रेनों के रद्द होने का पता लगने पर यात्रियों ने नाराजगी जाहिर की। यात्रियों ने कहा कि ट्रेनों के निरस्त होने की जानकारी रेलवे को कई दिन पहले देनी चाहिए, ताकि यात्री उसी के अनुसार अपनी शेड्यूल निर्धारित कर सके। स्टेशन पहुंचे कुछ यात्रियों ने जहां अपनी यात्रा टाल दी, वहीं कुछ ने बस अड्डे का रुख किया। जबकि कुछ यात्रियों ने स्टेशन पर ही ट्रेनों का इंतजार करने में भलाई समझी।
ये ट्रेनें रहीं रद्द
ट्रेन संख्या ट्रेन का नाम
04449 नई दिल्ली-कुरुक्षेत्र ईएमयू स्पेशल (एनकेएम)
04452 कुरुक्षेत्र-दिल्ली ईएमयू स्पेशल (केडीएम)
12460 अमृतसर-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस (सुपर)
12459 नई दिल्ली-अमृतसर इंटरसिटी एक्सप्रेस (सुपर)
14508 बठिंडा एक्सप्रेस (अपनी यात्रा अंबाला समाप्त करेगी)
14507 फाजिल्का इंटरसिटी एक्सप्रेस (अपनी यात्रा अंबाला से प्रारंभ करेगी)
नोट 14508/10507 दिल्ली-अंबाला के बीच आंशिक निरस्त रही।
--
इन ट्रेनों का बदला समय
12926 अमृतसर-बांद्रा टर्मिनल्स, पश्चिम एक्सप्रेस को 8:35 बजे अमृतसर से चलाया गया।
12057 नई दिल्ली- ऊना हिमाचल जनशताब्दी एक्सप्रेस को दोपहर बाद 4:05 बजे दिल्ली से चलाया गया।
--
कोट
रेलवे की तरफ से बादली-होलंबी कलां स्टेशन के बीच में तीन अंडरपास पर आरसीसी बॉक्स लगाने का काम किया गया। इस कार्य के चलते रेलवे ने दिल्ली-अंबाला रेलमार्ग पर चार घंटे का यातायात ब्लॉक लिया था। इससे रेल यातायात प्रभावित रहा। यात्रियों को थोड़ी परेशानी झेलनी पड़ी। रेल लाइन पर चल रहे कार्य को लेकर रेलगाड़ियां प्रभावित रहेंगी, इस बारे में पहले ही बता दिया गया था।
-सुनील कुमार, स्टेशन अधीक्षक, सोनीपत