फोटो 03: सोनीपत लघु सचिवालय में मेयर राजीव जैन के नेतृत्व में उपायुक्त सुशील सारवान को ज्ञापन स
सोनीपत। गुजरात के जूनागढ़ जिले में स्थित गिरनार पर्वत की पंचम टोंक पर भगवान नेमिनाथ मोक्ष स्थल पर जैन धर्मावलंबियों को पूजा करने से रोकने का दिगंबर जैन के अनुयायिओं ने विरोध किया। उन्होंने लघु सचिवालय में पहुंचकर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नाम उपायुक्त सुशील सारवान को ज्ञापन सौंपा। दत्तात्रेय की लगाई गई मूर्ति को हटाकर संरक्षित जैन राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने की मांग की।
मेयर राजीव जैन एवं जैन समाज के प्रधान एसके जैन के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि पुरातत्व विभाग एवं राज्य सरकार के गजट नोटिफिकेशन के अनुसार गिरनार की पंचम टोंक पूर्णतया जैन तीर्थ है। यहां पर पूजा से रोकने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
अधिवक्ता एसके जैन ने कहा कि पुलिस का यह कृत्य धार्मिक अपमान ही नहीं, बल्कि न्यायोचित व्यवस्था के मुंह पर तमाचा है। उन्होंने कहा कि गुजरात उच्च न्यायालय में 2005 में स्पष्ट तौर पर पंचम टोंक पर कोई निर्माण न करने के आदेश जारी किए थे, मगर वहां पर दत्तात्रेय की मूर्ति लगाने के साथ जैन अनुयायियों को पूजा करने से रोकने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। इस दौरान राजेश जैन, अंकित जैन, मयंक जैन, जय कुमार जैन मौजूद रहे।