सोनीपत। शिक्षा विभाग के निर्देशों के बावजूद निजी स्कूल विद्यार्थियों का डाटा यू-डाइस के स्टूडेंट डाटाबेस मेनेजमेंट सिस्टम (एसडीएमएस) पर अपलोड करने में रुचि नहीं दिखा रहे। यही कारण है कि नए शैक्षणिक सत्र के चार माह बीतने के बावजूद भी प्रथम चरण में करीब 21 फीसदी विद्यार्थियों का डाटा अपलोड करना शेष है।
डाटा अपलोड करने की अंतिम तिथि भी 14 से बढ़ाकर 27 अगस्त कर दी गई है। इसके बावजूद स्कूल इस कार्य को पूर्ण करने के प्रति गंभीर नहीं है। ऐसे शिक्षा विभाग ने अब सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है। शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी राजकीय व निजी स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करने वाले विद्यार्थियों का डाटा एसडीएमएस पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए थे।
विद्यार्थियों की अधिक संख्या होने के चलते इस कार्य को तीन चरणों में विभाजित किया गया था। जिसके पहले चरण में स्कूलों को पिछली कक्षा पास कर अगली कक्षा में आए विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम, पिछली कक्षा में उनकी साल भर की उपस्थिति, स्कूल बदला है तो उसकी जानकारी और पिछली कक्षा में फेल हैं या पास की जानकारी ही अपलोड करनी है। शिक्षा विभाग ने निर्देश दिए थे कि पहला चरण पूरा होने के बाद ही दूसरे चरण का काम शुरू किया जाएगा, लेकिन जिले के स्कूल इस तरफ गंभीर नजर नहीं आ रहे।
इंसेट
2.56 लाख विद्यार्थियों का डाटा किया अपलोड
जिले के राजकीय व निजी स्कूलों में चालू शैक्षणिक सत्र में करीब 3.25 लाख विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इनमें से अभी तक प्रथम चरण में 2 लाख 56 हजार 798 विद्यार्थियों का डाटा ही अपलोड किया गया है। जबकि 68202 विद्यार्थियों का डाटा अपलोड करना लंबित है। निजी स्कूलों के साथ ही कुछ राजकीय स्कूल भी इस कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं। जिले के 712 राजकीय स्कूलों में से करीब 60 स्कूल ऐसे हैं, जिन्होंने अभी तक विद्यार्थियों का डाटा अपलोड नहीं किया है।
कहां कितने स्कूलों के विद्यार्थियों का डाटा लंबित
खंड लंबित स्कूल लंबित विद्यार्थी
कथूरा 02 00
खरखौदा 25 1815
मुंडलाना 46 3221
राई 44 5044
गोहाना 44 7237
गन्नौर 139 12869
सोनीपत 251 38016
कुल 551 68202
जारी किए जाएंगे नोटिस
समग्र शिक्षा के जिला प्रोजेक्ट समन्वयक अनिल कुमार का कहना है कि स्कूलों को विद्यार्थियों का डाटा अपलोड करने के लिए बार-बार निर्देश दिए जा रहे हैं। यही नहीं अंतिम तिथि भी बढ़ाई गई है, लेकिन स्कूल डाटा अपलोड करने में तेजी नहीं दिखा रहे। जिले के सोनीपत खंड में सबसे अधिक विद्यार्थियों का डाटा अपलोड करना लंबित है। जिसे 27 अगस्त तक पूरा करना है। नियमों की अवहेलना करने वालों स्कूलों की सूची बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजते हुए नोटिस जारी करने की अनुशंसा की जाएगी।
वर्जन
-राजकीय व निजी विद्यालयों को शैक्षणिक सत्र 2024-25 में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों का डाटा अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। प्रथम चरण में विद्यालयों को केवल विद्यार्थियों की पिछली कक्षा का पास फीसदी, उपस्थिति सहित चार कॉलम भरने हैं। कुछ निजी स्कूल डाटा अपलोड करने में रुचि नहीं दिखा रहे। डाटा अपलोड करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 27 अगस्त की गई है। निर्धारित तिथि तक डाटा अपलोड करने का काम पूरा नहीं करने वाले स्कूलों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।-नवीन गुलिया, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत