सोनीपत। जिला प्रशासन की तरफ से 5 अक्तूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासन स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक ढंग से चुनाव संपन्न करवाने के लिए तैयार है। आदर्श चुनाव आचार संहिता की पालना को लेकर भी सख्त कदम उठाए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव को लेकर अंतिम चरण में काम हो रहा है। मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी मतदान केंद्रों पर पीने का पानी, शौचालय, रैंप इत्यादि की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर 85 वर्ष से अधिक आयु व दिव्यांग मतदाताओं को घर से ही मतदान करने का विकल्प दिया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कहीं पर भी आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत मिली तो तुरंत कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। इसके लिए फ्लाइंग स्क्वाॅड टीम व सर्विलेंस स्क्वायड टीम भी सक्रिय कर दी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की चुनावी खर्च पर भी नजर है, इतना ही नहीं बैंकों से होने वाले लेन-देन पर निगरानी रखी जा रही है। चुनाव शांतिपूर्वक एवं निष्पक्षता से संपन्न करवाने के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल के साथ-साथ सीआरपीएफ की टुकड़ी की तैनाती की जाएगी।