कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग तैयारियों में जुट गया है। अब रोजाना 3000 से ज्यादा लोगों की कोरोना जांच कराने के आदेश जारी किए गए हैं। सैंपलिंग बढ़ाए जाने के बाद जल्द कोरोना के मरीजों की पहचान हो सकेगी। जिले में वर्तमान में 1000 से कम लोगों की कोरोना जांच की जा रही है, जो तय लक्ष्य से मुताबिक तीन गुना कम है। इस पर सिविल सर्जन ने सभी उप सिविल सर्जन व एसएमओ को आदेश जारी करके लोगों की कोरोना जांच के सैंपल बढ़ाने के आदेश जारी कर दिए हैं। वहीं बाजारों में लगातार भीड़ जुट रही है। यहां पर कोरोना के नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। लोगों को जागरूक करने के लिए प्रशासन की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे।
कोरोना का नया स्वरूप ओमिक्रॉन 13 देशों में पहुंच चुका है। ऐसे में विदेश से आने वाले लोगों पर नजर रखने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय व विभाग की ओर से गाइडलाइन जारी की जा चुकी है। साथ ही जिले में लोगों को कोरोना से बचाव के लिए सैंपलिंग बढ़ाई जाएगी। पांच दिन पहले गोहाना शहर में कोरोना के चार नए केस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात बढ़ा रखी है। जिले में अब तक कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 47474 तक पहुंच चुका है। आशंका जताई जा रही है कि हालात फिर से दूसरी लहर की तरह गंभीर न हो जाए।
महानिदेशक ने ज्यादा संख्या में सैंपल लेने के दिए निर्देश
स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक डॉ. वीणा सिंह ने मंगलवार को प्रदेशभर के सभी सिविल सर्जन के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक की। उन्होंने कहा कि ओमिक्रॉन वैरिएंट से बचाव के लिए विभाग की ओर से ज्यादा संख्या में लोगों के सैंपल लेकर कोरोना जांच की जाए। साथ ही विदेश से आने वाले लोगों की जल्द पहचान करके उनको सर्विलांस पर रखा जाए। संक्रमित यात्री को एकांतवास में क्वारंटीन किया जाएगा व प्रोटोकॉल के अनुसार उपचार किया जाएगा। साथ ही विदेश से आने वाले स्वस्थ लोगों को भी सात दिन के लिए क्वारंटीन किया जाएगा। आठवें दिन कोरोना की जांच के लिए सैंपल लिए जाएंगे।
कोरोना संक्रमितों को आइसोलेट करने के लिए यह है व्यवस्था
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में कोरोना संक्रमितों को आइसोलेट करने के लिए 2214 सामान्य बेड की सुविधा है। इसके अलावा 804 ऑक्सीजन बेड व 158 आईसीयू बेड व 86 वेंटिलेटर की सुविधा है। पांच दिन पहले गोहाना शहर में मिले चार संक्रमितों को होम आइसोलेट किया गया है। किसी भी कोविड सेंटर में कोरोना का मरीज भर्ती नहीं है। कोरोना के नए स्वरूप से निपटने के लिए विभाग की ओर से लगातार तैयारी की जा रही है।
बाजारों में लोग सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं कर रहे
शहर के बाजारों में लोग बिना मास्क लगाए घूम रहे हैं। बाजार में आने वाले लोग सामाजिक दूरी का पालन नहीं कर रहे। इस तरह की लापरवाही लोगों के लिए भारी पड़ सकती है। प्रशासन की तरफ से कोराना नियमों के पालन के लिए कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। साथ ही जागरूकता के लिए भी कोई पहल नहीं हो रही है।
वर्जन
कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट से बचाव के लिए अब रोजाना 3000 से ज्यादा लोगों की कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए जाएंगे। मंगलवार को हुई वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान महानिदेशक डॉ. वीणा सिंह ने सैंपल बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिले में लोगों को कोरोना से बचाव को लेकर 23 टीमों को ज्यादा संख्या में सैंपल लेने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
- डॉ. जयकिशोर, सिविल सर्जन