सोनीपत। व्यस्ततम कच्चे क्वार्टर बाजार में स्वर्णकार की दुकान में घुसकर सोने की चेन लूटने की कोशिश करते हुए पकड़े जाने पर जहर पीकर जान देने वाले आरोपी के शव का पुलिस ने पोस्टमार्टम करा दिया। पुलिस ने स्वर्णकार के बयान पर मामले में लूट की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
माडल टाउन निवासी अमरजीत नाहल ने पुलिस को बताया था कि शुक्रवार दोपहर को दुकान पर घुसकर एक व्यक्ति ने सोने की चेन की मांग की थी। उसे 14 ग्राम की चेन दिखाई गई तो उसने ज्यादा वजन की चेन देने को कहा था। स्वर्णकार के ज्यादा वजन की चेन होने से मना करने पर उसने पिस्तौल निकालकर लूटपाट की कोशिश की थी। जिस पर अमरजीत ने साहस दिखाकर उसे पकड़ लिया था। लोगों के आने पर व्यक्ति ने जहर पी लिया था। जिससे उसकी मौत हो गई थी। उसकी पहचान दिल्ली के नरेला स्थित गांव बांकनेर निवासी मनोज वर्मा (40) के रूप में हुई थी। पुलिस ने शव का शनिवार को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।