राई। सदर थाना पुलिस की तरफ से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार दो आरोपियों के साथी ने मुरथल थाने में उनके अपहरण का केस दर्ज कराया है। अमेजन कंपनी के कर्मी ने पुलिस को बताया कि मुरथल अड्डा पर शराब ठेके पास से उसके दो साथी कर्मियों का तीन लोगों ने अपहरण कर लिया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच की तो सच्चाई सामने आई। अब पुलिस झूठी शिकायत देने वाले के खिलाफ केस दर्ज करेगी।
गांव नांगल खुर्द के रहने वाले अमन ने मुरथल थाना पुलिस को बताया कि वह बहालगढ़ स्थित अमेजन कंपनी में काम करता है। उसके साथ उनके गांव रोबिन व मेहंदीपुर का मोनू भी काम करते हैं। तीनों साथी कर्मी रविवार रात मोनू की बाइक से गांव नांगल खुर्द से मुरथल अड्डा पर सामान खरीदने आए थे। उन्होंने सीढ़ी वाले की दुकान के पास बाइक को खड़ा कर दिया। उनका साथी मोनू बाइक के पास खड़ा हो गया और वह तथा रोबिन शराब ठेके के पास सिगरेट लेने चले गए। अमन ने बताया कि जब वह सिगरेट लेकर वापस आए तो उन्होंने देखा कि तीन युवकों ने मोनू को सफेद रंग की कार में बैठा रखा था। उन्होंने इशारा कर रोबिन को अपने पास बुलाया। उसके बाद रोबिन को भी कार में बैठाकर सोनीपत की तरफ भाग गए। उसके बाद वह डर के चलते मौके से भाग गया। उसने मामले की सूचना रोबिन के भाई सचिन को दी। इस पर पुलिस को अवगत कराया गया। पुलिस ने सोमवार को अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की जांच करने लगी तो पता लगा कि दोनों युवक सामूहिक दुष्कर्म के मामले में सदर थाना पुलिस के आरोपी हैं और उन्हें पुलिस गिरफ्तार कर लेकर गई थी। पुलिस मामले में झूठी शिकायत देने वाले के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
वर्जन
दो युवकों के अपहरण का केस दर्ज कराया गया था। जांच में पता लगा कि दोनों नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म में सदर थाना क्षेत्र पुलिस के आरोपी हैं। उन्हें पुलिस गिरफ्तार कर ले गई थी। उनके साथी ने पुलिस को झूठी सूचना दी। उसके खिलाफ नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
-इंस्पेक्टर सुमित कुमार, थाना प्रभारी, मुरथल