सोनीपत। शहर की आबोहवा निरंतर जहरीली होती जा रही है। ऐसे में सांस लेना भी दूभर बना हुआ है। ऐसे वातावरण में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले विपरीत प्रभाव से विद्यार्थियों को बचाने के लिए आगामी तीन दिन तक राजकीय व निजी स्कूलों को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में जहरीली हुई हवा को देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन ने दिल्ली एनसीआर क्षेत्र से लगते सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद व झज्जर जिले में सभी राजकीय व निजी स्कूलों को बंद करने के निर्देश दिए हैं। ये आदेश 15 से 17 नवंबर तक प्रभावी रहेंगे। राज्य आपदा प्रबंधन ने संबंधित जिला उपायुक्त को इससे संबंधित आदेश की प्रति भेज दी है।
शिक्षा अधिकारियों की मानें तो जिले में वायु गुणवत्ता सूचकांक के खतरनाक स्तर पर पहुंचने के कारण स्कूलों में तीन दिन के अवकाश की घोषणा की है। हालांकि इससे स्कूलों में चल रही जिला स्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता पर असर नहीं पड़ेगा। जिला स्तरीय प्रतियोगिता पहले से तय शेड्यूल के अनुसार ही खेली जाएगी।
वर्जन
हवा में फैल रहे दूषित कणों के कारण सांस लेना मुश्किल हो रहा है। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को देखते हुए जिले के सभी राजकीय व निजी स्कूल 17 नवंबर तक बंद रहेंगे। नियमों की अवहेलना करने वाले स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- प्रोमिला भारद्वाज, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत