फोटो 31: सोनीपत के खरखौदा शहर के अंदर लगी पटाखों की स्टाल। स्रोत: पाठक
- फोटो : संवाद
खरखौदा। दिवाली पर ग्रीन पटाखों की बिक्री के आदेशों के बाद प्रशासन की ओर से पटाखे बेचने के लिए स्थान निर्धारित किए गए हैं। खरखौदा में इसके लिए मटिंडू मार्ग पर स्थित स्टेडियम की खुली जगह निर्धारित की गई है लेकिन प्रशासनिक नियम व आदेशों को धता बताते हुए भरे बाजार में भी पटाखों की बिक्री हो रही है। बड़ा सवाल यह है कि अनुमति ग्रीन पटाखे बेचने की है और इनकी आड़ में दूसरे पटाखे बेचे जा रहे हैं।
खरखौदा में नियम-कानूनों को ताक पर रखकर पटाखों की बिक्री जोरों पर है। शहर के बाजार व मुख्य सड़कों पर पटाखों की बिक्री साफ तौर पर खुलेआम हो रही है जबकि प्रशासन की तरफ से कई नियम लागू किए गए हैं।
बीते दिनों तक पटाखों पर जहां पूर्ण रूप से ही रोक लगाई गई थी, वहीं अब सुप्रीम कोर्ट की ओर से ग्रीन पटाखों को लेकर छूट दे दिए जाने के बाद प्रशासन ने भी इन्हें बेचने के लिए खुले स्थान निर्धारित कर दिए। जहां पर लाइसेंस धारक पटाखों को बेच सकते है लेकिन खरखौदा में सभी नियमों को ताक पर रखकर पटाखों की बिक्री जोरों पर है। कहने को तो खरखौदा के खेल स्टेडियम को पटाखा बिक्री के लिए निर्धारित किया गया है। लेकिन पटाखे बिक भरे बाजार में रहे हैं।
इन स्थानों पर बेचे जा सकेंगे पटाखे
जिलाधीश सुशील सारवान ने बताया कि सेक्टर-23 में राजू पैलेस के पास हुडा ग्राउंड, आंबेडकर कॉलोनी के पीछे सेक्टर-23 और गांव रेवली रजबहा के पास पटाखों की बिक्री के लिए स्थान निर्धारित किया है। वहीं, गोहाना शहर में नई सब्जी मंडी और देवीलाल स्टेडियम, गन्नौर में बीएसटी ग्राउंड, खरखौदा में मटिंडू रोड स्थित खेल स्टेडियम और कुंडली में नरेला रोड स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का मैदान पर पटाखे बेचे जा सकेंगे। इन स्थानों पर 20 अक्तूबर तक पटाखों की बिक्री की जा सकेगी।