गांव पिपलीखेड़ा के पास डंपर की चपेट में आने से फार्मा कंपनी की अकाउंटेंट की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बड़ी औद्योगिक थाना पुलिस को मंगलवार सुबह 9 बजे सूचना मिली कि पिपलीखेड़ा गांव के पास हादसा हो गया है। हादसे में डंपर की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवती की मौत हो गई है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जांच की तो युवती के मोबाइल, कंपनी का पहचान पत्र व आधार कार्ड से उसकी पहचान हो सकी। युवती की पहचान मूलरूप से नेपाल फिलहाल सोनीपत की इंद्रा कॉलोनी की रहने वाली निशा पांडे (29) के रूप में हुई। वह बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में फार्मा कंपनी में अकाउंटेंट थी। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर भाग गया। मोबाइल में लॉक लगा होने के कारण पुलिस को उसके परिजनों से संपर्क करने में समय लग गया। बाद में पुलिस टीम को उसके आधार कार्ड पर दर्ज पते पर भेजकर परिजनों को बुलाया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस टीम को भेजकर युवती के परिजनों को सूचना दी गई। पोस्टमार्टम करा दिया गया है। डंपर चालक की तलाश की जा रही है। इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, बड़ी औद्योगिक क्षेत्र।