फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पोर्टल खत्म करने की बात कहने वालों को चुनाव में नकार देगी जनता : मुख्यमंत्री

Mon, 24 Jul 2023 12:53 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
सम्मेलन में मुख्यमंत्री के पहुंचने पर हवा में पटका लहराकर मुख्यमंत्री का स्वागत करते पन्ना प्रम
विज्ञापन
सोनीपत। विपक्ष के कई नेता पोर्टल यानी ऑनलाइन योजनाओं को बंद करने की बात कर रहे हैं। ऐसे नेताओं को चुनाव में जनता नकार देगी। योजनाओं पर सबसे पहला हक जरूरतमंद का है, बाकी सभी का हक उसके बाद में आता है। योजनाओं की सुविधा ऑनलाइन किए जाने के बाद दलालों का पत्ता कट गया है। योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रहा है। ये बात मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार देर शाम नई अनाज मंडी में आयोजित सोनीपत विधानसभा क्षेत्र के पन्ना प्रमुख सम्मेलन में कही।
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि प्रॉपर्टी आईडी व परिवार पहचान पत्र में त्रुटियों के कारण कुछ दिक्कत आ रही हैं, लेकिन उन्हें दूर करने का काम तेजी से हो रहा है। उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुख का विचार पूरी दुनिया में सबसे अलग है। प्रदेश के करीब 20 हजार बूथों पर तीन लाख पन्ना प्रमुख बनाए जाने हैं, जबकि 2 लाख 70 हजार बनाए जा चुके हैं। यह पन्ना प्रमुख अगर एक जगह पर एकत्रित हो जाएं तो प्रदेश का कोई भी मैदान इनके लिए छोटा पड़ जाएगा।
उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ पार्टियां केंद्र में संगठन बना लेती हैं, लेकिन प्रदेश में वह बिना संगठन के ही चल रही हैं। उन्होंने पन्ना प्रमुखों की भूमिका का जिक्र करते हुए बताया कि एक पन्ना प्रमुख 15 घरों में जाएगा और लोगों का हालचाल पूछेगा। मतदाताओं के सुख-दुख में भागीदार बनेगा। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनवाते कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाने के नाम पर भी विपक्षी डरते थे और कहते थे कि खून की नदियां बह जाएंगी, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने एक झटके में उसे हटा दिया। किसी को खरोंच तक नहीं आई। इसी तरह अयोध्या में मंदिर निर्माण भी ऐसा ही मुद्दा था, जिसे सरकार ने दृढ़ इच्छाशक्ति से पूरा किया और अब अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा ऐसा पहला प्रदेश है जो केरोसिन फ्री घोषित किया गया है। इससे पेट्रोल व डीजल में मिलावट के मामले कम हुए हैं। वर्तमान में प्रदेश में कोई घर ऐसा नहीं है, जिसमें गैस सिलिंडर न हो। हर घर में नल से जल योजना पर काम किया गया है। वहीं, प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया गया है। इस दौरान सांसद रमेश कौशिक, विधायक मोहनलाल बड़ौली, पूर्व मंत्री कविता जैन, पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन, जिलाध्यक्ष तीर्थ राणा, जवाहर सैनी, डॉ. ओमप्रकाश आत्रेय, पूर्व वाइस चेयरमैन ललित बतरा, पूर्व मंत्री अनिल ठक्कर मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें